कहा, ईरान के साथ परमाणु वार्ता अंतिम चरण में, ईरान न माना तो भुगतने होंगे घातक परिणाम
West Asia Crisis (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। एक तरफ जहां पश्चिम एशिया व यूरोप के कई देश यह उम्मीद कर रहे हैं कि यह तनाव जल्द खत्म हो जाएगा। वहीं अमेरिकी राष्टÑपति ट्रंप ने अपने बयान से एक बार फिर से सबको चकित कर दिया है। ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही परमाणु वार्ता को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ अंतिम चरण में है और यदि ईरान ने डील पर हस्ताक्षर नहीं किए, तो अमेरिका कठोर और अप्रिय कदम उठा सकता है। व्हाइट हाउस से बाहर निकलते हुए संवाददाताओं से बात करते हुए, ट्रंप ने कहा कि हम ईरान के साथ अंतिम चरण में हैं। देखते हैं क्या होता है। या तो वे एक डील करेंगे या फिर हम कुछ ऐसी चीजें करेंगे जो थोड़ी कठोर होंगी, लेकिन उम्मीद है कि ऐसा नहीं होगा।
ट्रंप ने ईरान को दी सीधी चेतावनी
ट्रंप ने अमेरिका की पुरानी सैन्य कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि वियतनाम, अफगानिस्तान और इराक जैसे युद्ध वर्षों तक चले, जबकि ईरान के मामले में स्थिति अलग है। उन्होंने दावा किया कि इस बार अमेरिका ने अपेक्षाकृत कम समय में नियंत्रण की स्थिति बनाई है और बड़े पैमाने पर नुकसान से बचा है।
अगले तीन वर्षों में बहुत कुछ होने जा रहा
उन्होंने आगे कहा कि उनके राष्ट्रपति पद के अगले तीन वर्षों में बड़ी चीजें होने वाली हैं। उन्होंने वेनेजुएला और ईरान में अमेरिका के कम हताहतों का जिक्र करते हुए कहा “कुछ युद्धों में, वेनेजुएला में, हमने किसी को नहीं खोया और यहां हमने 13 लोग खोए। अन्य युद्धों में, आपने लाखों लोग खोए। हमने किया है वह अद्भुत है। हमने उन्हें तबाह कर दिया है। ईरान तबाह हो गया है। आप अगले तीन वर्षों में हमारे देश के लिए अद्भुत चीजें देखने वाले हैं।”
दबाव और युद्ध किसी समस्या का हल नहीं : ईरान
दूसरी ओर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि दबाव और युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ईरान ने लगातार अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान किया है और युद्ध से बचने के लिए हर संभव प्रयास किया है, हमारी ओर से सभी रास्ते खुले हैं। ईरान हमेशा बातचीत और कूटनीति के लिए तैयार है, लेकिन जबरदस्ती आत्मसमर्पण स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे पहले ईरान के विदेश मंत्री ने भी यह बयान दिया था कि यदि अमेरिका के साथ बातचीत सफल नहीं रहती तो ईरान एक बार फिर से युद्ध के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें : US-Cuba Conflict : अमेरिका और क्यूबा के बीच बढ़ा तनाव


