अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने किया ऐलान, दोबारा बिगली पश्चिम एशिया की स्थिति
West Asia Crisis (आज समाज), तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा युद्ध एक बार फिर से तेज हो गया है। एक तरफ जहां अमेरिका ने पिछले 24 घंटे के दौरान ईरान पर कई जगह हमले किए हैं। वहीं ईरान ने भी अमेरिकी नेवी बेस को नुकसान पहुंचाने की पूरी कोशिश की है। इस बीच इस तनाव का असर एक बार फिर से भारत सहित कई अन्य देशों पर पड़ना स्वाभाविक है। क्योंकि ईरान ने एक बार फिर से होर्मुज को सभी देशों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पहले भारत सहित कई मित्र देशों के पोत सामान लेकर होर्मुज से गुजर रहे थे।
होर्मुज को लेकर ईरान ने दी यह चेतावनी
ईरान ने चेतावनी दी है कि इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को निशाना बनाया जा सकता है। आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि क्षेत्र में बढ़ती असुरक्षा और अमेरिका के नए सैन्य हमलों के बाद यह फैसला लिया गया है। आदेश के अनुसार तेल टैंकरों, मालवाहक जहाजों और अन्य सभी प्रकार के समुद्री जहाजों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक बलों और आईआरजीसी की नौसेना के बीच भारी तनाव और गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं। आईआरजीसी नौसेना का दावा है कि उसने दो ऐसे जहाजों को निशाना बनाया जो उसकी अनुमति के बिना जलडमरूमध्य से गुजरने का प्रयास कर रहे थे।
अमेरिका ने ईरान के इन क्षेत्रों को बनाया निशाना
इस बीच अमेरिका ने ईरान के कई तटीय इलाकों पर नए हमले शुरू किए हैं। रिपोर्टों के अनुसार बंदर अब्बास, सीरिक, किश्म द्वीप और हेंगाम द्वीप समेत कई स्थानों को निशाना बनाया गया है। इन हमलों के बाद दक्षिणी ईरान के कई इलाकों में विस्फोटों की खबरें आई हैं। मिनाब काउंटी के करगान क्षेत्र में अमेरिकी हमले के बाद दो स्थानीय निवासी घायल होने की भी सूचना है।


