Himachal Pradesh Accident: हिमाचल के डलहौजी में खाई में गिरी कार, 5 लोगों की मौत ! भूस्खलन से नेशनल हाईवे बंद

0
183
Himachal Pradesh Chamba car accident latest news, Dalhousie landslide and road accident update, five family members killed in Chamba crash, NH-154A highway blocked due to landslide, heavy rainfall impact in Himachal Pradesh, Chamba flash flood and landslide damage report, हिमाचल लैंडस्लाइड, चंबा कार हादसा, डलहौजी दुर्घटना, भारी बारिश तबाही
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में डलहौजी में कार खाई में गिर गई, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई।

Himachal Pradesh Rain Havoc: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। डलहौजी क्षेत्र के बनीखेत स्थित लाहड़ गांव के पास पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत बचाव दल मौके पर पहुंचे। खाई में गिरी कार से शवों को बाहर निकालने का काम किया गया।

पीजीआई चंडीगढ़ से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुआ परिवार चंबा जिले की भरमौर विधानसभा क्षेत्र की गैहरा पंचायत का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ सदस्य अपने बीमार बच्चे का इलाज कराने के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआई गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। मृतकों की पहचान बच्चन सिंह, उनके बेटे रिपन, बहू रिंपी, भतीजी कीर्ति राणा और पोते के रूप में बताई जा रही है। रिपन पुलिस विभाग में कार्यरत थे और उनकी तैनाती पौंग डैम क्षेत्र में थी। वहीं, कीर्ति राणा चंडीगढ़ में निजी नौकरी करती थीं। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

विधायक और सांसद ने जताया दुख

चंबा के भरमौर विधायक जनक राज ने हादसे पर दुख जताते हुए इसे बेहद पीड़ादायक घटना बताया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं, मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के पांच लोगों की असामयिक मौत पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

भारी बारिश और भूस्खलन से चंबा में तबाही

चंबा जिले में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज बारिश के कारण फ्लैश रनऑफ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, जिससे कई रिहायशी इलाकों में मलबा भर गया। बारिश और भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-154A भी प्रभावित हुआ और कई जगहों पर यातायात बाधित हो गया। जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया है।

सुल्तानपुर, सरोल और तडोहली में भारी नुकसान

बारिश का सबसे ज्यादा असर चंबा के सुल्तानपुर वार्ड, सरोल, परेल और तडोहली पंचायत क्षेत्रों में देखने को मिला। मंगलवार सुबह लोगों ने अपने घरों और दुकानों में कीचड़, पत्थर और मलबा जमा पाया। कई मकानों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोग पूरी रात अपने सामान को सुरक्षित करने और घरों से मलबा हटाने में जुटे रहे।

पहाड़ी टूटने से मकान पर गिरे पत्थर, बचा परिवार

चंबा के ओबड़ी क्षेत्र में देर रात पहाड़ी का एक हिस्सा टूट गया, जिसके बाद बड़े-बड़े पत्थर और मलबा एक मकान पर जा गिरा। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल गए और बड़ा हादसा टल गया। वहीं, सरोल और घोलटी क्षेत्रों में करीब 15 छोटे-बड़े वाहन मलबे में दब गए। कई घरों में भी मलबा भर गया, जिससे लोगों का घरेलू सामान खराब हो गया। सरोल ग्राम पंचायत के प्रधान विजय कुमार ने बताया कि बारिश से इलाके में भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन मलबे में दब गए हैं और घरों में कीचड़ भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून से पहले प्रशासन को संवेदनशील इलाकों की जानकारी दी गई थी, लेकिन पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। लोगों ने दावा किया कि पिछले साल भी इस क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के कारण नुकसान हुआ था।

कॉलेज और बाजार भी हुए प्रभावित

सुल्तानपुर क्षेत्र में सरकारी डिग्री कॉलेज परिसर समेत कई बाजार और रिहायशी इलाकों में पानी और मलबा भर गया। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की टीमें अब प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रही हैं। पहाड़ी राज्य हिमाचल में लगातार खराब मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।

  • TAGS
  • [post_tags]