दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 92 भारत के, 47 डिग्री के पार पहुंचा पारा
Weather Update Today (आज समाज), नई दिल्ली : इस साल 15 अप्रैल तक देश भर में मौसम सामान्य था। पश्चिम विक्षोभ के चलते गर्मी से राहत थी द्ध इसके बाद जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हुआ देश भर में गर्मी की नई लहर चल पड़ी है। हालात यह हैं कि देश में तापमान अप्रैल में ही 47 डिग्री पार कर चुका है और विश्व के 100 सबसे गर्म शहरों में से 92 भारत के हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत में रातें भी गर्म रह सकती हैं। यह स्थिति हीट डोम जैसे हालात की ओर इशारा करती है, जिसमें गर्म हवा एक क्षेत्र में फंस जाती है और तापमान लगातार बढ़ता रहता है।
यूपी के बांदा में दर्ज हुआ सर्वाधिक तापमान
देश में शनिवार को सर्वाधिक तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस यूपी के बांदा का रहा। इसके बाद प्रयागराज में 45.5 डिग्री, वाराणसी में 45 डिग्री, झांसी में 44.8 डिग्री रहा। गर्मी शुरूआत में ही रिकॉर्ड तोड़ रही है। वैश्विक तापमान आंकड़ों के अनुसार दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों में 92 भारत के हैं। इसके अलावा 6 शहर थाईलैंड और दो शहर नेपाल के हैं। अप्रैल की शुरूआत में ही दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और बंगलूरू जैसे शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। दिल्ली में तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।
इन राज्यों में गर्मी का सबसे ज्यादा कहर
100 सबसे गर्म शहरों में यूपी के 37 शहर हैं। प. बंगाल के 18, पंजाब के सात, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के छह-छह, बिहार और ओडिशा के पांच-पांच, महाराष्ट्र के चार, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश के दो-दो शहर शामिल हैं। ज्यादातर शहरों में तापमान तापमान 42 से 45 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली में शनिवार को पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसके चलते राममनोहर लोहिया हॉस्पिटल में हीटस्ट्रोक यूनिट बनाई गई है। इसमें कूलिंग टब, 200 किलो बर्फ बनाने की मशीनें और पोर्टेबल आइस पैक भी रखे गए हैं।
इन राज्यों में दोपहर को काम करने पर मनाही
गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम पर रोक। वहीं केरल में लोगों से दिन में 11 से 3 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह। सेल्फ लॉकडाउन अपनाने के लिए कहा। कर्नाटक के सभी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने का आदेश। ये सभी यूनिट 31 जुलाई तक चालू रखी जाएंगी।
ये भी पढ़ें : Paytm Payments Bank : पीपीबीएल पर आरबीआई की कार्रवाई का प्रभाव नहीं : प्रबंधन


