
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग में जिंदा जल गए थे सभी
Delhi Fire Tragedy, (आज समाज), गुरुग्राम: गत दिवस दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग में जिंदा जले गुरुग्राम के अग्रवाल परिवार के पांचों सदस्यों का गुरुवार को सेक्टर-32 स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पांचों परिजन मंगलवार को बीमार पिता राधेश्याम अग्रवाल को अस्पताल में देखने दिल्ली पहुंचे थे। इसी दौरान वे होटल फ्लोरिश में रुके थे। गुरुवार को दिल्ली एग्स में सभी का पोस्टमॉर्टम किया गया।
इसके बाद एंबुलेंस से सभी की बॉडी गुरुग्राम सेक्टर-46 स्थित सीए के आवास पर लाई गई। यहां कुछ देर अंतिम दर्शन से लिए पांचों शवों को रखा गया। करीब सवा तीन बजे सभी डेडबॉडी को अंतिम संस्कार के लिए एंबुलेंस से ही सेक्टर-32 स्थित श्मशान घाट भेजा गया, जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया। हादसे में जाने गंवाने वाले सीए विवेक अग्रवाल को चचेरे भाई, पत्नी तर्जनी को उनके भाई, मां प्रेमलता को देवर, बेटी जीविशा और वारिया को चचेरे भाइयों ने मुखाग्नि दी।
मिसेज इंडिया रह चुकी थी तर्जनी, एनजीओ भी चलाती थीं
जान गंवाने वाले सीए विवेक अग्रवाल इंश्योरेंस देखो कंपनी में फाइनेंशियल हेड थे। उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल पेशेवर रूप से इवेंट मैनेजमेंट का काम संभालती थीं। साथ ही वंचित बच्चों के लिए एक एनजीओ भी चलाती थीं। तर्जनी मॉडलिंग भी करती थीं और अपनी खूबसूरती के दम पर साल 2023 में मिसेज इंडिया का नामी खिताब अपने नाम किया था।
विवेक के पिता की हालत नाजुक
विवेक के पिता दिल्ली मैक्स अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं, उनकी हालत भी नाजुक है। उन्हीं का हाल जानने सीए अपनी मां, पत्नी और दो बेटियों संग दिल्ली आए थे। उनके मौसा-मौसी और मामा राजस्थान से आए थे। ये लोग होटल फ्लोरिश में ठहरे थे। सुबह ब्रेकफास्ट के वक्त होटल में आग लगी और सभी जिंदा जल गए।
ये भी पढ़ें: ईरान से समझौते की कोई गारंटी नहीं : ट्रंप

