कहा, यदि दोनों पक्षों में समझौता होता है तो तुरंत होर्मुज जलडमरूमध्य खोल दिया जाएगा
US-Iran Conflict (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिका और ईरान के बीच जारी शांति वार्ता पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा है कि ईरान के साथ बातचीत सही दिशा में चल रही है लेकिन समझौते की कोई गांरटी नहीं है। इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि यदि दोनों में समझौता हो जाता है तो यह पूरी दुनिया के लिए अच्छा साबित होगा।
ट्रंप ने कहा कि जैसे ही अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होगा तो तुरंत ही होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया जाएगा। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ वार्ता ‘बहुत अच्छी’ चल रही है और यदि सब कुछ ठीक रहा तो सप्ताहांत तक कोई बड़ी प्रगति देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ बातचीत में कुछ भी हो सकता है, इसलिए अंतिम नतीजे को लेकर अभी निश्चित रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता।
अमेरिका से वार्ता को लेकर ईरान ये बोला
ईरानी संसद के उपसभापति मोजतबा निकजाद का कहना है कि ईरान बातचीत करेगा लेकिन उसे अमेरिका के वादों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान जरूरत पड़ने पर बातचीत करेगा, लेकिन उसे अमेरिका द्वारा किए गए किसी भी वादे पर भरोसा नहीं है। ईरान की अर्ध-सरकारी तसनीम न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस्लामिक सलाहकार सभा के उपाध्यक्ष मोजतबा निकजाद ने कहा कि यह कहना सही नहीं है कि हम केवल लड़ते हैं और बातचीत नहीं करते। निकजाद ने ईरान में अकाल या युद्ध से संबंधित व्यवधान के बारे में विदेशी मीडिया के दावों को खारिज कर दिया।
ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार अमेरिका कब्जे में लेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस सामग्री को अपने नियंत्रण में लेना चाहता है और उनका मानना है कि केवल अमेरिका और चीन ही इसे सुरक्षित ढंग से संभाल सकते हैं। ट्रंप ने कहा, ‘हम इसे हासिल करेंगे’।
ये भी पढ़ें : Muzaffarpur Hospital Fire : मुजफ्फरपुर में अस्पताल में लगी आग, 20 से ज्यादा हताहत


