
15 जून को दोनों देशों के बीच लागू हुआ है व्यापार समझौता, भारत के 99 प्रतिशत निर्यात पर नहीं लगेगा कोई कर
India-UK Trade (आज समाज), नई दिल्ली : भारत और ब्रिटेन ने आपसी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए और आने वाले वर्षों में आपसी व्यापारिक रिश्ते मजबूत करने के लिए भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता(सीईटीए) लागू किया है। यह समझौता दोनों देशों के बीच 15 जून यानी कल से लागू हो गया है। इस समझौते के के लागू होते ही भारतीय निर्यातकों को ब्रिटेन के बाजार में विशेष रियायत मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अब भारत के लगभग 99% निर्यात को ब्रिटेन के बाजार में शून्य शुल्क पहुंच सुविधा मिलने लगी है। यही कारण है कि समझौता लागू होने के पहले दिन ही रिकॉर्ड 140 मिलियन (14 करोड़) अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य का निर्यात किया गया।
50 से अधिक निर्यात खेप की गई रवाना
इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स, रत्न एवं आभूषण सहित अनेक उत्पादों की खेपें मुंद्रा, न्हावा शेवा, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद से ब्रिटेन के लिए रवाना की गईं। पहले ही दिन 20 से अधिक बंदरगाहों, हवाई अड्डों, आईसीडी, एसईजेड और कारखानों से 50 से अधिक निर्यात खेपों को रवाना किया गया। यह सामान जम्मू, चेन्नई, हैदराबाद, मुुंबई, नोएडा, दिल्ली व कोयम्बतूर आदि शहरों से भेजा गया।
ब्रिटेन बनेगा भारतीय स्टील का बड़ा बाजार
ब्रिटेन की ओर से मार्च में लागू किए गए स्टील सुरक्षा उपाय भारत के साथ व्यापार समझौता लागू होने में बड़ी बाधा बन गए थे। दोनों देशों के बीच लंबे और कई स्तरों पर हुई बातचीत के बाद इस मुद्दे का समाधान निकला और व्यापार समझौता 15 जुलाई से लागू हो गया। इसके साथ ही भारतीय स्टील उद्योग को बड़ा लाभ मिला है। अब भारतीय निर्यातक हर साल 11 लाख टन से अधिक स्टील ब्रिटेन में बिना आयात शुल्क के भेज सकेंगे। यह सुविधा देश-विशिष्ट कोटा और अधिकृत उपयोग योजना के तहत मिलेगी।
2030 तक द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर करना लक्ष्य
व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता तथा सामाजिक सुरक्षा समझौता लागू होने पर नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि ब्रिटेन के साथ समझौते से 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। समझौते के लागू होने के पहले ही दिन से विभिन्न क्षेत्रों के निर्यातकों ने शुल्क रियायतों का लाभ उठाना शुरू कर दिया है। इस समझौते से मिलने वाले अवसरों को निर्यातकों व उद्यमियों तक पहुंचाया जाएगा।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ट्रंप के बयान ने बढ़ाई तेहरान की चिंता, ईरान की कनेक्टिविटी खत्म करेगा अमेरिका

