
केंद्र का जवाब, इससे मुसीबतें बढ़ेंगी
Delhi High Court,(आज समाज), नई दिल्ली: एयर प्यूरीफायर पर गुड्स एंड सर्विस टैक्स 18% से घटाकर 5% करने की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान जस्टिस विकास महाजन और जस्टिस विनोद कुमार की बेंच ने केंद्र सरकार से पूछा, एयर प्यूरीफायर पर जीएसटी कम क्यों नहीं कर सकते।
हाईकोर्ट ने सरकार से कहा आपको जो भी करना पड़े, कीजिए। फिलहाल एक एयर प्यूरीफायर की कीमत 10-15 हजार रुपए है। जीएसटी को एक ऐसे उचित स्तर पर क्यों नहीं लाया जाता, जहां एक आम आदमी भी इसे खरीद सके।
केंद्र सरकार का तर्क
- वहीं, केंद्र की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एन. वेंकटरमण ने याचिका पर ही सवाल खड़े किए। केंद्र ने कहा कि कोई एयर प्यूरीफायर सेक्टर में मोनोपोली चाहता है। यह जनहित याचिका है ही नहीं। सरकार जानना चाहती है कि इसके पीछे कौन है।
- इस पर कोर्ट ने कहा, जीएसटी काउंसिल को फैसला लेने में क्या दिक्कत है? आप जो कह रहे हैं, वे भी वही कह सकते हैं। इसके जवाब में केंद्र ने कहा- इस मामले में संविधान का मुद्दा शामिल है। नियमों के तहत इसमें लंबी प्रक्रिया, लाइसेंसिंग और अन्य औपचारिकताएं शामिल हैं। इससे मुसीबतों का पिटारा खुल जाएगा।
केंद्र सरकार ने जवाब दाखिल करने के लिए मांगा समय
- भारत सरकार ने हाईकोर्ट से कहा कि जीएसटी काउंसिल एक संवैधानिक संस्था है और जीएसटी एक फेडरल टैक्स है। सभी राज्यों और केंद्र सरकार को इसमें अपनी बात रखनी होती है। अगर किसी प्रस्ताव पर वोटिंग होनी है, तो वह केवल फिजिकल मीटिंग में ही हो सकती है। यह सब आॅनलाइन संभव नहीं है।
- केंद्र ने कहा, इसमें एक तय प्रक्रिया है। इस प्रक्रिया को कैसे दरकिनार किया जा सकता है? हम दो दिन में जवाब नहीं दे सकते। याचिका में कई बातें सोच-समझकर रखी गई हैं। इस मुद्दे पर भी हम काउंटर दाखिल करना चाहते हैं। हमें विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए समय चाहिए।
9 जनवरी को होगी मामले की सुनवाई
केंद्र की दलील पर दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार से 10 दिन में जवाब देने के लिए कहा है। मामले की अगली सुनवाई 9 जनवरी को होगी। इससे पहले इस मामले पर 24 दिसंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई हुई थी। बुधवार को कोर्ट ने केंद्र सरकार और अधिकारियों से पूछा कि जब राजधानी में हवा की स्थिति इमरजेंसी जैसी बनी हुई है तो एयर प्यूरीफायर पर 18% जीएसटी क्यों लगाया जा रहा है।

