Assembly Elections 2026 Live : तीन राज्यों-केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव आज

0
311
Assembly Elections 2026 Live : तीन राज्यों-केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव आज
Assembly Elections 2026 Live : तीन राज्यों-केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव आज

सुबह सात बजे से शुरू होगा मतदान, कुल 296 सीट के लिए 1899 प्रत्याशी मैदान में उतरे

Assembly Elections 2026 Live (आज समाज), नई दिल्ली : आज केरल, असम और पुदुचेरी में 296 विधानसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। भारतीय चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान करके वहां सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध कर दिए हैं।

ज्ञात रहे कि इन तीन राज्यों में होने वाले चुनाव में कुल 5.31 करोड़ मतदाता अपने वोट का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने तीनों राज्यों में कुल 63060 मतदान केंद्र बनाए हैं। तीनों ही राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव राजनीतिक दलों की तुलना में उनसे जुड़े बड़े नामों के लिए अग्नि परीक्षा साबित हो सकते हैं।

तीनों राज्यों में इन नेताओं की साख दांव पर लगी

केरल में पिनाराई विजयन, असम में हिमंत बिस्वा सरमा और पुदुचेरी में एन रंगास्वामी की साख का सवाल तो है ही, चुनावी नतीजों के राजनीतिक निहितार्थ भी गहरे होंगे। 2026 के केरल विधानसभा चुनाव में कई प्रमुख चेहरे और बेहद दिलचस्प मुकाबले देखने को मिल रहे हैं, खासकर मध्य केरल (एनार्कुलम, इदुक्की, कोट्टायम और अलप्पुझा) में जहां चुनाव केवल पार्टी के गणित के बजाय चेहरों और व्यक्तिगत वफादारी पर केंद्रित हो गया है।

यह है असम की स्थिति

असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए आज मतदान होने जा रहा है। असम की 126 विधानसभा सीटों पर इस बार 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से राष्ट्रीय दलों से 211, राज्य दलों से 116, पंजीकृत दलों ने 137 और 258 निर्दलीय प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। असम विधानसभा चुनाव 2026 में कुल 2,49,58,139 यानी 2.49 करोड़ मतदाता मतदान करने के योग्य हैं। सुचारू रूप से चुनाव कराने के लिए 126 सीटों पर कुल 31,486 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। असम विधानसभा चुनाव 2026 में कई अहम मुद्दे हावी हैं, जिनमें विकास, मतदाता सूची का विशेष संशोधन (एसआईआर), जातीय पहचान, घुसपैठ और बाढ़ की स्थिति मुख्य मुद्दे के रूप में जगह बना चुके हैं।

 

  • TAGS
  • [post_tags]