भारी बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर हिमस्खलन का खतरा, उतराखंड में भी चेतावनी की गई जारी
Jammu-Kashmir Avalanche (आज समाज), नई दिल्ली : पिछले कई दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी हुई है। इसके चलते हर तरफ कई-कई फीट ऊंची बर्फ की चादर बिछ गई है। जिसके चलते अब कई जगहों पर हिमस्खलन का खतरा बन गया है। इस बार हिमाचल के साथ-साथ यह खतरा जम्मू-कश्मीर और उतराखंड में भी मंडरा रहा है। जिसको लेकर वहां के स्थानीय प्रशासन ने चेतावनी जारी कर दी है।
सोनमर्ग में खिसकी बर्फ सीसीटीवी में कैद हुई घटना
जम्मू-कश्मीर के सोनमर्ग पर्यटक स्थल पर मंगलवार देर रात हिमस्खलन हुआ, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन मंगलवार रात 10:12 बजे मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग रिसॉर्ट में हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि हिमस्खलन सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसमें बर्फ इमारतों को अपनी चपेट में लेती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि किसी के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने सोमवार को जिले में उच्च तीव्रता या उच्च खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी दी थी। सोनमर्ग और घाटी के अधिकांश अन्य हिस्सों में पिछले 24 घंटों में मध्यम से भारी हिमस्खलन हुआ है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी स्थिति खतरनाक
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हिमस्खलन की कई जगह स्थिति बनी हुई है। कई फीट तक बर्फ जमने के कारण तीखी व ऊंची ढलानों पर इसका खतरा ज्यादा बना हुआ है। ताजा हिमपात के बाद मंगलवार को बद्रीनाथ और केदारनाथ समेत उत्तराखंड के कई ऊंचे पहाड़ी इलाकों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई। राज्य में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बार हिमपात हुआ है। इससे पहले, 23 जनवरी को भारी हिमपात ने ऊंचे पहाड़ी इलाकों को बर्फ की चादर से ढक दिया था।
उत्तराखंड में सभी जिलों में अलर्ट जारी
हिमपात और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हिमस्खलन की संभावना को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को सतर्क कर दिया है। चंडीगढ़ स्थित रक्षा भू-सूचना अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई) द्वारा जारी पूवार्नुमान के अनुसार, 27 जनवरी शाम 5 बजे से 28 जनवरी शाम 5 बजे तक विभिन्न ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हिमपात और हिमस्खलन की संभावना है।
ये भी पढ़ें : India-EU Trade Deal : भारत और यूरोपीय संघ के विचार और दृष्टिकोण समान : मुर्मू


