
जम्मू क्षेत्र में 30 से 35 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय होने की सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना ने तेज किया सर्च आॅपरेशन
Army Search Operation In Kashmir, (आज समाज), श्रीनगर: जम्मू क्षेत्र में 30 से 35 पाकिस्तानी आतंकी सक्रिय होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना अलर्ट मोड पर है। सेना द्वारा सर्च आॅपरेशन तेज कर दिए गए है। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड और 40 दिन की चिल्लई कलां के बावजूद सुरक्षाबलों ने किश्तवाड़ और डोडा जिलों में आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है।
बर्फ से ढंके ऊंचे और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार सेना ने अस्थायी बेस, निगरानी पोस्ट और गश्ती ग्रिड बनाकर ऊंची पहाड़ियों, जंगलों और घाटियों में नियमित पेट्रोलिंग शुरू की है। पहले सर्दियों में आतंकी गतिविधियों में कमी आती थी, लेकिन अब सेना ने प्रो-एक्टिव विंटर स्ट्रैटजी अपनाई है।
ड्रोन, थर्मल इमेजर, ग्राउंड सेंसर और रडार का इस्तेमाल किया जा रहा
अभियान जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, एसओजी, सिविल प्रशासन, वन विभाग और ग्राम रक्षा दल के साथ तालमेल में चल रहा है। आतंकियों की निगरानी के लिए ड्रोन, थर्मल इमेजर, ग्राउंड सेंसर और रडार का इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्पेशल विंटर वॉरफेयर यूनिट्स तैनात
स्पेशल विंटर वॉरफेयर यूनिट्स भी तैनात की गई हैं। सुरक्षा बलों का लक्ष्य आतंकियों को खत्म करना और उन्हें दूर-दराज, मुश्किल पहाड़ी इलाकों में भी नहीं छिपने देना है। अधिकारियों के मुताबिक खुफिया इनपुट मिले थे कि आतंकी संगठन घने कोहरे, सर्द मौसम और दुर्गम इलाकों का फायदा उठाकर घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं। इसी के मद्देनजर यह बड़ा आॅपरेशन शुरू किया गया है।
80 से ज्यादा गांवों में चलाया जा रहा सर्च अभियान
सीमा से सटे इलाकों में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम करने के लिए सेना, बीएसएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस पिछले 10 दिन से संयुक्त रूप से सर्च आॅपरेशन चला रही है। यह सर्चिंग बॉर्डर एरिया के 80 से ज्यादा गांवों में चलाया जा रहा है।
72 आतंकी लांच पैड फिर सक्रिय
पिछले माह बीएसएफ के अधिकारी ने खुलासा किया था कि भारत की आॅपरेशन सिंदूर के बाद नुकसान झेलने के बावजूद पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू क्षेत्र के सामने करीब 72 आतंकी लांच पैड सक्रिय कर दिए हैं। इनमें से 12 लांच पैड सियालकोट और जफरवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास हैं, करीब 60 लांच पैड एलओसी के पास सक्रिय बताए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ हफ्तों में घुसपैठ की कोशिशें बढ़ सकती हैं।
ये भी पढ़ें: आरएसएस नफरत फैलाने वाला संगठन, अलकायदा की तरह काम करता है: मणिकम टैगोर

