कतर में स्थापित था अमेरिका का पांच हजार किलोमीटर क्षमता वाला रडार सिस्टम
US-Iran War Update (आज समाज), दोहा : अमेरिका और इजरायल के हमलों का ईरान भी पूरी तहर से जवाब दे रहा है। ईरान के जवाबी हमलों में अमेरिका और इजरायल का भी बडेÞ स्तर पर नुकसान हो रहा है। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सेना को सरेंडर करने की चेतावनी दी है वहीं ईरान ने अंतिम दम तक युद्ध जारी रखने की घोषणा करते हुए हमले तेज कर दिए हैं। ऐसे ही एक हमले में ईरानी सेना ने अमेरिका को बड़ा झटका देते हुए कतर में स्थापित अमेरिका के प्रमुख रडार सिस्टम को तबाह कर दिया है।
दुनिया के सबसे शक्तिशाली रडार सिस्टम में से एक
ईरान ने कतर में स्थित अमेरिका के एक प्रमुख मिसाइल वार्निंग रडार सिस्टम को निशाना बनाया है, जिसकी रेंज 5000 किलोमीटर बताई जा रही है। इस हमले को अमेरिका के लिए ‘बड़ा नुकसान’ करार दिया जा रहा है। ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्म्स द्वारा किए गए इस हमले ने कतर में तैनात अमेरिकी सेना की मिसाइल चेतावनी प्रणाली को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस प्रणाली को क्षेत्र में अमेरिका की ‘आंख’ के रूप में देखा जाता था, और यह अमेरिकी मिसाइल रक्षा नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा थी। लगभग 1.1 अरब डॉलर की लागत वाला यह रडार सिस्टम, संभावित मिसाइल हमलों का समय रहते पता लगाने की अमेरिका की क्षमता को कमजोर कर सकता है।
इस तरह हुई हमले की पुष्टि
अंतरिक्ष से ली गई सेटेलाइट तस्वीरों ने अमेरिकी सैन्य ढांचे को हुए नुकसान की पुष्टि की है। प्लैनेट लैब्स द्वारा जारी इन तस्वीरों में अमेरिकी स्पेस फोर्स के एएन/एफपीएस (ब्लॉक 5) बैलिस्टिक मिसाइल अर्ली वार्निंग रडार सिस्टम के आसपास क्षति और आग बुझाने की गतिविधियां दिखाई दी हैं। यह मध्य पूर्व में अमेरिकी सेना द्वारा संचालित सबसे बड़ा मिसाइल चेतावनी रडार माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हमला संभवत: कम लागत वाले हमलावर ड्रोन, शायद शाहेद जैसे से किया गया होगा। मिसाइलों और ड्रोन के एक साथ बड़े हमले के दौरान, यह ड्रोन रक्षा तंत्र को भेदने में सफल रहा।
ये भी पढ़ें : Sukhoi-30 MKI Crash : असम सुखोई हादसे में दोनों पायलट शहीद


