America Attack on Kharg Island : अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी

0
235
America Attack on Kharg Island : अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी
America Attack on Kharg Island : अमेरिका ने ईरान के खार्ग द्वीप पर की बमबारी

अमेरिका का दावा, यह हमला केवल सैन्य ठिकानों पर किया, तेल ढांचे को नहीं पहुंचाया नुकसान

America Attack on Kharg Island  (आज समाज), तेहरान : पश्चिम एशिया में संघर्ष लगातार जारी है। अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के चलते ईरान को व्यापक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अमेरिका ने ईरान के लगभग हर प्रमुख शहर पर बमबारी करते हुए उसे खंडहर में बदल दिया है। इसी बीच अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उसने ईरान की आर्थिकता के लिए सबसे अहम माने जा रहे खार्ग द्वीप पर भी जोरदार हमले किए हैं।

ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग द्वीप पर बड़े पैमाने पर बमबारी कर वहां मौजूद सभी सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। ट्रंप के अनुसार यह हमला अमेरिकी सेंट्रल कमांड की ओर से किया गया और इसका उद्देश्य ईरान से पैदा हो रहे खतरे को खत्म करना था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने जानबूझकर द्वीप के तेल ढांचे को निशाना नहीं बनाया, ताकि ऊर्जा आपूर्ति पर असर न पड़े।

एक बार फिर से ईरानी सेना को सरेंडर करने को कहा

ट्रंप ने कहा कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकेगा। उन्होंने ईरानी सेना और उससे जुड़े समूहों से हथियार डालने की अपील भी की। ट्रंप के अनुसार अगर ईरान संघर्ष को जारी रखता है तो उसके लिए हालात और कठिन हो सकते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनके पहले कार्यकाल से लेकर अब तक उन्होंने अमेरिकी सेना को दुनिया की सबसे शक्तिशाली और घातक सैन्य ताकत बना दिया है। उनका कहना है कि ईरान के पास अमेरिका के हमलों का सामना करने की क्षमता नहीं है।

अभी तक के सबसे शक्तिशाली अभियानों में से एक

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह हमला मध्य पूर्व के इतिहास के सबसे शक्तिशाली बमबारी अभियानों में से एक था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने खार्ग द्वीप पर मौजूद सभी सैन्य लक्ष्यों को निशाना बनाया और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। खार्ग द्वीप ईरान के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह फारस की खाड़ी में स्थित एक बड़ा तेल निर्यात केंद्र है। यहां से ईरान का बड़ा हिस्सा तेल दुनिया के अलग-अलग देशों को भेजा जाता है। यही कारण है कि इस द्वीप को ईरान की ऊर्जा व्यवस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

  • TAGS
  • [post_tags]