सोमवार देर शाम हुए इस हादसे में सात लोगों की गई थी जान
Jharkhand Air Ambulance Crash (आज समाज), रांची : उड्डयन नियामक डीजीसीए ने एयर एंबुलेंस हादसे की जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) से कराने के आदेश दिए हैं। ताकि पता चल सके कि आखिर किस तकनीकी खामी के चलते यह एयर एंबुलेंस दुर्घटना का शिकार हुई जिसके चलते सात लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आपको बता दें कि यह हादसा सिमरिया के नजदीक हुआ था।
जानकारी के अनुसार झारखंड के चतरा में सोमवार शाम एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार मरीज और डॉक्टर समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस ने रांची से मरीज को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। तकनीकी खामी की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। एक महीने में चार्टर्ड प्लेन के दुर्घटनाग्रस्त होने का यह दूसरा मामला है। 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती के पास लैंडिंग के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। अजीत समेत पांच की मौत हो गई थी।
बेहतर उपचार के लिए दिल्ली जा रहे थे परिजन
रांची के देवकमल अस्पताल के सीईओ अनंत सिन्हा ने बताया कि परिवार ने बेहतर इलाज के लिए मरीज को दिल्ली ले जाने का फैसला किया था। एयर एंबुलेंस ने रांची हवाईअड्डे से शाम करीब 7:10 बजे उड़ान भरी थी। शाम 7:34 बजे विमान का एयर कंट्रोल से संपर्क टूट गया। आखिरी बार विमान का संपर्क कोलकाता एयर कंट्रोल से हुआ था, लेकिन शाम 7:34 बजे विमान का कोलकाता के साथ संपर्क और रडार संपर्क लगभग वाराणसी से दक्षिण-पूर्व में 100 एनएम की दूरी पर टूट गया। वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अनुसार विमान ने उससे कोई संपर्क नहीं किया।
रात आठ बजे के बाद शुरू हुआ बचाव अभियान
विमान का कोई पता नहीं चलने के बाद रात 8:05 बजे बचाव समन्वय केंद्र को सक्रिय कर दिया गया और विमान की तलाश शुरू कर दी गई। इस बीच, सिमरिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक विमान गिरने की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। बाद में खासियातू करम टांड़ के घने जंगल में विमान का मलबा मिला।
विमान में सवार थे ये लोग
रांची हवाईअड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया हादसा सिमरिया के पास हुआ। इस हादसे में कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (मरीज की पत्नी), धुरु किमार (मरीज के अटेंडेंट), डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर), सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे।


