एनएच-15 पर एंबुलेंस और ट्रक के आमने-सामने टकराने से हुआ हादसा
Assam Accident News (आज समाज), सोनितपुर : असम के सोनितपुर जिले में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि हुए एक दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस ने बताया कि यह हादसा एनएच-15 पर एक एंबुलेंस और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर के चलते हुआ। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस एक मरीज को लेकर तेजपुर मेडिकल कॉलेज जा रही थी। एंबुलेंस में मरीज और उसके परिजनों के साथ एंबुलेंस चालक सवार था।
इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनितपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरुन पुरकायस्थ ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि टक्कर के बाद छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों की गति तेज होने के चलते जिस समय ये दोनों आपस में टकराए तो उस समय एंबुलेंस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं ट्रक का आगे का हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे शवों को बाहर निकाला। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को एनएच के किनारे किया गया और रास्ता खुलवाया गया।
घायलों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को लेकर तेजपुर मेडिकल कॉलेज जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक के साथ एंबुलेंस टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें तेजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों के शवों का आज पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ऊर्जा और खाद्य आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित : ईरान


