Odisha Hospital Fire : कटक मेडिकल कॉलेज में आग से 10 मरीजों की मौत

0
271
Odisha Hospital Fire : कटक मेडिकल कॉलेज में आग से 10 मरीजों की मौत
Odisha Hospital Fire : कटक मेडिकल कॉलेज में आग से 10 मरीजों की मौत

ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में सुबह करीब ढाई बजे भड़की आग, सीएम ने मृतकों के परिजनों को मुआवजे की घोषणा की

Odisha Hospital Fire (आज समाज), कटक : ओडिशा के कटक में स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में भीषण आग लगने से 10 मरीजों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में अस्पताल के 11 कर्मचारी भी झुलस गए। अलसुबह हुई इस दर्दनाक घटना से जहां अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई वहीं मरीजों के परिवारों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट-सर्किट हो सकती है। आग ने ट्रॉमा केयर आईसीयू के साथ-साथ पास के कुछ और वार्डों को भी अपनी चपेट में ले लिया था।

आग लगने के कारण नहीं हुए अभी स्पष्ट

अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि आग सुबह करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच लगी। आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में भड़की थी। यहां उन मरीजों का इलाज चल रहा था जिनकी हालत बहुत गंभीर थी। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत अस्पताल पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। इस बचाव कार्य में अस्पताल के कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के साथ आए लोगों ने भी पूरा सहयोग किया। हालांकि इस बात का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है कि आखिर किन कारणों से आग भड़की

23 मरीजों को दूसरे वार्ड में किया शिफ्ट

अस्पताल अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली। अस्पताल स्टाफ बिना अपनी जान की परवाह किए प्रभावित वार्ड में पहुंच गया। स्टाफ ने जल्द ही कुल 23 मरीजों को दूसरे विभागों और वार्डों में शिफ्ट कर दिया। अस्पताल स्टाफ की इस दलेरी से मौत का आंकड़ा कम हो सका।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल मरीजों के इलाज में कोई कमी न रहे। उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। सरकार ने हर मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। फिलहाल अस्पताल में स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही है और मामले की गहराई से जांच हो रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]