आय से 211 प्रतिशत ज्यादा बना ली थी संपत्ति, विजिलेंस ब्यूरों ने किया काबू
Punjab Crime News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब की मौजूदा सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। इसी के चलते प्रदेश विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्खास्त नायब तहसीलदार वरिंदरपाल सिंह धूत, निवासी गांव धूत कलां, होशियारपुर को गिरफ्तार किया है। नायब तहसीलादर पर आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप लगे थे जोकि विजिलेंस जांच में सही पाए गए। इसी के चलते विजिलेंस टीम ने आरोपी को विस्तृत जांच के लिए गिरफ्तार किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी जालंधर रेंज टीम ने की
आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह गिरफ्तारी जालंधर रेंज द्वारा की गई विजीलेंस जांच के बाद की गई है, जिसमें धूत द्वारा स्वयं और अपने पारिवारिक सदस्यों के नाम पर अपनी वैध आय से अधिक संपत्ति इकट्ठा करने के आरोपों की जांच की गई थी। प्रवक्ता ने आगे बताया कि जांच के दौरान 1 जनवरी 2009 से 31 दिसंबर 2018 की अवधि को कवर किया गया। जांच से पता चला कि इस अवधि के दौरान धूत की सभी स्रोतों और माध्यमों से कुल आय 3,58,97,111.59 रुपए थी, जबकि उनका कुल खर्च और संपत्ति 11,18,34,544.22 रुपए थी—जो कि उसकी कानूनी आय से 7,59,37,432.63 (211.54 प्रतिशत) अधिक थी।
जांच में भ्रष्टाचार के सबूत मिले
प्रवक्ता ने बताया कि इस महत्वपूर्ण असमानता से यह स्पष्ट होता है कि धूत ने एक सार्वजनिक सेवक के रूप में सेवा करते हुए बेहिसाबी चल-अचल संपत्ति अर्जित की और अपनी वैध आय से कहीं अधिक राशि खर्च की, जो भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों का सीधा उल्लंघन है। इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना, जालंधर रेंज में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कल सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा और इस केस की आगे की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : Jalandhar Crime News : जालंधर में नवविवाहित युवक ने की आत्महत्या