अनाधिकृत 5 तारा फार्म हाऊस पर चला नगर निगम का बुलडोजर

0
234
Municipal corporation bulldozer ran on unauthorized 5 star farm house

प्रवीण वालिया, करनाल :

  • नगर निगम की बड़ी कार्रवाई :
  • पार्टी हाल, कमरे व स्वीमिंग पूल को किया ध्वस्त : अजय सिंह तोमर, निगमायुक्त
  • निगमायुक्त की चेतावनी- अनाधिकृत निर्माण पर नगर निगम की नजर, भविष्य में भी कार्रवाई रहेगी जारी

नगर निगम ने फार्म हाऊस को गिराया

नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर के आदेश पर निगम के डैमोलिशन दस्ते ने कुंजपुरा रोड, बुढाखेड़ा स्थित अनाधिकृत रूप से बनाए गए 5 तारा फार्म हाऊस पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बता दें कि कथित फार्म हाऊस में पार्टी हाल, कमरे, रसोई, शौचालय तथा स्वीमिंग पूल बनाया गया था, जिसमें देर रात तक कुछ असामाजिक तत्वों की ओर से शराब पीना, नाच-गाना, मस्ती करना और डीजे बजाने जैसी गतिविधियां की जाती थी। इसे लेकर आस-पास के नागरिकों की ओर से नगर निगम को शिकायतें मिल रही थी, निगम प्रशासन ने इसे गम्भीरता से लिया और अनाधिकृत निर्माण को गिराने की योजना बनाई। इसके तहत डीटीपी आर.एस. बाठ को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया और पुलिस बल साथ लेकर फार्म हाऊस को डैमोलिश कर दिया गया। फार्म हाऊस में रह रहे व्यक्तियों द्वारा विरोध करने पर उनकी एक न चली और कुछ ही घण्टों में फार्म हाऊस में बने निर्माण को तहस-नहस कर दिया गया।

नगर निगम ने दिया था 7 दिन का नोटिस

नगर निगम के डीटीपी आरएस बाठ ने बताया कि अवैध रूप से बनाए गए फार्म हाऊस एक बड़ा पार्टी आल, करीब 3 कमरे, रसोई, शौचालय सहित स्वीमिंग पूल को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि उपरोक्त फार्म हाऊस का करीब 1500 वर्ग गज में अनाधिकृत रूप से निर्माण किया गया था। अवैध निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों की भी शिकायतें आ रही थी। इसे लेकर नगर निगम की ओर से फार्म हाऊस को 7 दिन का नोटिस दिया गया। नोटिस की अनुपालना न करने पर तोडफ़ोड़ की कार्रवाई अमल में लाई गई। निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि शहर में चल रहे अनाधिकृत निर्माण पर नगर निगम नजर रखे हुए है, जिन पर निश्चित रूप से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर निगम की अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि शहर में नगर निगम की बिना अनुमति लिए किसी तरह का निर्माण करना नियमों के खिलाफ है। कोई भी व्यक्ति मकान या दुकान निर्माण करना चाहे, तो पहले उसके लिए नक्शा पास करवाए और फिर निर्माण शुरू करें, ताकि व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़ें : गोली के छर्रे लगने से महिला घायल हुई

ये भी पढ़ें : संकुल स्तर पर चयनित विद्यार्थी मॉडल संभागीय स्तर पर फरीदाबाद प्रदर्शनी में लेंगे हिस्सा

Connect With Us: Twitter Facebook
SHARE