Delhi Monsoon Update : दिल्ली में समय से पहले दस्तक देगा मानसून

0
237
Delhi Monsoon Update : दिल्ली में समय से पहले दस्तक देगा मानसून
Delhi Monsoon Update : दिल्ली में समय से पहले दस्तक देगा मानसून

25 जून के आसपास दिल्ली पहुंचने की उम्मीद, आमतौर पर जून अंत तक पहुंचता है

Delhi Monsoon Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के निवासियों के लिए भारतीय मौसम विभाग ने राहत भरी सूचना दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार इस साल पूरे देश की तरह राजधानी दिल्ली में भी मानसून जल्द एंट्री लेगा। मौसम विभाग के अनुसार इस साल यदि परिस्थितियां सामान्य रहीं तो मानसून के 25 जून के आसपास दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है आमतौर पर यह जून के अंत तक दिल्ली पहुंचता है। इसके साथ ही 15 जून के आसपास दिल्ली में प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो जाएंगी जिससे अच्छी बारिश की उम्मीद है।

2009 के बाद मानसून की सबसे जल्दी एंट्री

ज्ञात रहे कि इस साल देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई को केरल तट पर समय से पांच दिन पहले दस्तक दे चुका है, जो 2009 के बाद सबसे जल्दी आगमन है। बंगाल की खाड़ी में अनुकूल परिस्थितियों के कारण मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। आज भी राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं, मौसम विभाग ने बुधवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया था। लेकिन, दिन भर सूरज व बादल के बीच लुकाछिपी का खेल जारी रहा और बारिश नहीं हुई।

दिल्ली का यह एरिया रहा सबसे गर्म

आया नगर में बुधवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज में 34.7 और पालम व लोधी रोड में 34.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोधी रोड में 23.0, पालम और आया नगर में 23.9 डिग्री दर्ज हुआ।

इस साल भी दिल्ली वासियों को जलभराव से जूझना पड़ेगा

एक तरफ जहां मानूसन के दिल्ली में जल्द आने की संभावना है वहीं दूसरी तरफ अभी भी दिल्ली में जलभराव का स्थाई समाधान होना बाकि है। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश के बाद ही दिल्ली में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। ऐसे में यह तय है कि आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को हर साल की तरह इस साल भी इस समस्या से दो चार होना पड़ेगा।

ये भी पढ़ें : Delhi News : अंत्योदय हमारा संकल्प, गरीब कल्याण लक्ष्य : सूद