Yamunanagar News: यमुनानगर में नाबालिग लड़की ने बच्चे को दिया जन्म

0
86
Yamunanagar News: यमुनानगर में नाबालिग लड़की ने बच्चे को दिया जन्म
Yamunanagar News: यमुनानगर में नाबालिग लड़की ने बच्चे को दिया जन्म

मंगेतर ने शादी से पहले बनाए संबंध
Yamunanagar News (आज समाज) यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा बच्चे को जन्म देने का मामला प्रकाश में आया है। लड़की के साथ उसके मंगेतर ने शादी से पहले संबंध बनाए थे, जिस कारण वह गर्भवती हो गई। बताया गया कि आरोपी युवक, लड़की के साथ मारपीट भी करता था, जिसके चलते परिजन इस रिश्ते से नाखुश थे। इसके बावजूद, परिजनों ने उस समय पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। जांच अधिकारी एएसआई कोमल ने बताया कि अस्पताल से नाबालिग के डिलीवरी केस की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचीं और परिजनों से पूछताछ की।

परिजनों ने बताया कि करीब एक साल पहले उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता तय किया था, लेकिन आरोपी ने लड़की के बालिग होने से पहले ही उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों ने आरोपी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मामले की जांच जारी है और शिकायत मिलने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

16 जुलाई को दिया बच्चे को जन्म

दो- तीन महीने बाद जब लड़की के गर्भवती होने का पता चला, तब भी परिजनों ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। गर्भ के नौ महीने पूरे होने पर लड़की को प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसके बाद उसे 14 जुलाई को जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। 16 जुलाई को उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

बच्चे को पास रखना चाहती है लड़की

अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बाल कल्याण समिति को सूचित किया। बाल कल्याण समिति के सदस्य गौरव शर्मा ने बताया कि लड़की की काउंसलिंग की जा रही है। उन्होंने कहा, लड़की वर्तमान में अपने बच्चे को अपने पास रखना चाहती है। यदि बच्चा बाल कल्याण विभाग को सौंपा जाता है, तो गोद लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पीड़िता को सहायता राशि कराई जाएगी उपलब्ध

गौरव शर्मा ने बताया कि बाल कल्याण समिति द्वारा सरकार से बच्चे को हर संभव सहायता प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। पॉक्सो विक्टिम के बच्चे को सरकार द्वारा 15 से 20 हजार की सहायता राशि दी जाती है। यह राशि भी उसे दिलवाई जाएगी।

ये भी पढ़ें : हरियाणा सरकार ने लांच किया सीईटी ट्रैवल एप