महिला के फर्जी हस्ताक्षर कर गारंटर बनाकर ट्रक पर लिया लोन 

0
273
Loan taken on truck by making guarantor by making fake signature of woman
प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
गांव रामपुर खादर में कुछ लोगों ने मिलकर एक महिला के फर्जी हस्ताक्षर कर उसे गारंटर बनाकर ट्रक पर बैंक से लोन ले लिया। महिला को जब इस बारे पता चला तो उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद चार आरोपित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार रामपुर खादर निवासी चलती देवी ने बुड़िया थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनपढ़ महिला है। वह हस्ताक्षर करना नहीं जानती केवल अंगूठा लगाती है। उसके पति की लगभग 20 साल पहले मौत हो गई थी।

पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ किया धोखाधड़ी का केस दर्ज

उसके पास पांच बेटिया व एक बेटा है। बेटे की भी मौत हो चुकी है। एक दामाद व बेटी उसके पास रहती है। महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद से ही आरोपित अनिल व उसके बेटे साहिल व अनुज उसकी जमीन को हड़पना चाहते है। आरोपितों ने कई बार उसकी जमीन हड़पने की कोशिश की। आरोपितों ने साल 2018 में अशोक लीलैंड कंपनी का एक ट्रक खरीदा था। इसके बाद गांव के ही विपिन कुमार के साथ मिलीभगत करके उस ट्रक पर बैंक से लोन करवा लिया था। इसमें आरोपितों ने उसे गारंटर के तौर पर दिखाया। जबकि उसे इसका कुछ पता नहीं चला। न ही उसने ट्रक लोन की किसी फाइल पर कोई अंगूठा लगाया। न ही कभी फाइनेंस कंपनी में गई। न ही उसने आरोपितों को जमीन की जमाबंदी, आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज दिए।

जमीन हड़पने की नीयत से ट्रक के लोन में गारंटर बनाया

बीती आठ मई को उसे अपने घर के आंगन में एक लिफाफा मिला। जिसमें कुछ कागजात थे। जिनको उसने अपने दामाद को दिखाया। तब उसके दामाद ने उसे बताया कि आरोपितों ने उसकी जमीन को हड़प करने की नीयत से अपने ट्रक के लोन में उसे गारंटर बनाया है, जबकि उसने किसी कागजात पर कोई अंगूठा नहीं लगाया। जांच करने पर पता चला कि आरोपितों ने लोन के कागजात में उसके फर्जी हस्ताक्षर कर गारंटर बनाया है। जबकि वह अनपढ़ है। उसने कुछ लिखना नहीं आता। महिला ने बताया आरोपितों की साजिश का पता चलने पर जब उन्होंने आरोपितों से पूछताछ की तो उन्होंने उसकी जमीन पर कब्जा करने व जान से मारने की धमकी दी। महिला की इस शिकायत पर बुड़िया पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें : कार्तिकेय शर्मा की जीत को लेकर समस्त ब्राह्मण समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद

ये भी पढ़ें : खुल गया प्रगति मैदान सुरंग, पीएम मोदी ने किया टनल और अंडरपास का उद्घाटन

SHARE