West Bengal Polls, (आज समाज), कोलकाता: पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है और इससे पहले राज्य में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अलावा भाजपा, कांग्रेस व अन्य दल जोर-शोर से प्रचार अभियान में जुटे हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में भाजपा का घोषणापत्र, (संकल्प पत्र) जारी करने वाले हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटें हैं। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
टीएमसी से ऊब चुकी है पश्चिम बंगाल की जनता
गृह मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि टीएमसी से ऊब चुका पश्चिम बंगाल अब बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा, मैं आज कोलकाता में भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी करूंगा, जिसका आधार बंगाल को टीएमसी के ‘आतंक के राज’ से मुक्त कराना है। अमित शाह ने बताया कि वह पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में एक जनसभा और खड़गपुर में एक रोड शो भी करेंगे। उन्होंने कहा, रोड शो के जरिए मैं राज्य के भाई-बहनों से जुड़ने के लिए उत्सुक हूं।
घोषणापत्र की मुख्य बातों में ये शामिल
पार्टी सूत्रों के अनुसार, घोषणापत्र की मुख्य बातों में महिला लाभार्थियों के लिए 3000 रुपए का मासिक लाभ, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के लिए एक विशेष पैकेज, औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की पहल, महिला शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए और अधिक कॉलेज स्थापित करने की योजनाएं, मत्स्य पालन और कृषि प्रसंस्करण इकाइयों के लिए एक विशेष पैकेज और अधिक अस्पताल स्थापित करना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना आदि हैं।
विभिन्न समूहों की जरूरतों को पूरा करना भाजपा का लक्ष्य
सूत्रों के मुताबिक भजापा का लक्ष्य विभिन्न समूहों की जरूरतों को पूरा करना है और वह विकास के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण का वादा करती है। सूत्रों का संकेत है कि घोषणापत्र का उद्देश्य टीएमसी की तीखी आलोचना को कल्याणकारी उपायों और विकास-उन्मुख वादों के साथ जोड़ना है, क्योंकि भाजपा राज्य में होने वाले इस महत्वपूर्ण चुनावी मुकाबले की तैयारी कर रही है।
चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां पूरी
भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए जमीनी स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। घोषणापत्र पर मुख्य काम, जो फरवरी के पहले सप्ताह में शुरू हुआ था, महीने के अंत तक पूरा हो गया। पार्टी ने अपना घोषणापत्र एक व्यवस्थित तरीके से तैयार किया है। 7 फरवरी को, घोषणापत्र के लिए लोगों तक पहुंचने का अभियान शुरू किया गया, जिसका नाम था – ‘बिकसितो पश्चिम बंगा संकल्प पत्र – परामर्श संग्रह अभियान।’ इस अभियान का मकसद नागरिकों की उम्मीदों को जानना और 2026 के विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र तैयार करना था। पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ और हर घर में गए ताकि लोगों की शिकायतें और उम्मीदें सुन सकें; उन्होंने भाजपा को एक ऐसे परिवार की तरह पेश किया जो सबकी बात सुनता है।
ये भी पढ़ें : Voter List Controversy: पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस और चुनाव आयोग आमने-सामने


