West Bengal Elections, कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को राज्य के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने प्रदेश में इस बार होने वाले चुनावों में बीजेपी की जीत का दावा किया। बता दें कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है और इस बीच गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने अमित शाह की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
गृह मंत्री ने भवानीपुर में किया रोड शो
गृह मंत्री ने भवानीपुर में रोड शो भी किया। इस दौरान बीजेपी और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में कहासुनी भी हुई। भाजपा ने सुवेंदु को दो जगह से ममता बनर्जी के मुकाबले में मैदान में उतारा है। एक वह भवानीपुर सीट पर ममता को टक्कर देंगे और दूसरी जगह नंदीग्राम से वह ममता के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ममता भी इन दोनों सीटों से चुनाव लड़ रही हैं।
मैं अगले 15 दिन बंगाल में रहूंगा : शाह
अमित शाह ने भवानीपुर में रोड शो के दौरान कहा, मैं अगले 15 दिन बंगाल में रहूंगा और टीएमसी को जड़ से उखाड़ फेंकने और उसे बंगाल की खाड़ी में फेंकने के लिए भाजपा हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगोंसे कहा, किसी को बिना किसी डर के मतदाना करना चाहिए। गृह मंत्री ने कहा कि कोई भी गुंडा पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को वोट देने से नहीं रोक सकता।
रोड शो के दौरान गो बैक के नारे
रोड शो के दौरान अमित शाह का काफिला जब कालीघाट पहुंचा, तो वहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने काफिले के समक्ष जय बांग्ला और ममता बनर्जी जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने शाह गो बैक के नारे लगाए और काले झंडे भी दिखाए। इस बीच बीजेपी और टीएमसी वर्कर्स के बीच झड़प की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने स्थिति संभाल ली। बता दें कि कालीघाट के कुछ ही दूरी पर ममता का घर है। अमित शाह ने गुरुवार सुबह कोलकाता में रैली में कहा, सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन मैंने उनसे कहा कि केवल नंदीग्राम में ही नहीं बल्कि हमें ममता को उनके घर (भवानीपुर सीट) में भी हराना होगा।
यह भी पढ़ें: West Bengal: मालदा में महिलाओं सहित 7 न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त


