West Asia Crisis, (आज समाज), नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार शाम 5 बजे पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा करने के लिए एक सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और कई अन्य मंत्री भी इस बैठक में शामिल होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री पश्चिम एशिया की स्थिति पर जानकारी देंगे।
28 फरवरी से शुरू हुई थी जंग
बता दें कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को तीन हफ्ते बीते चुके हैं और यह चौथा सप्ताह चल रहा है, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते होने वाला व्यापार बाधित हो गया है। अमेरिका और इजराइल ने मिलकर 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमले किए थे जिसमें ईरान के 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता, अयातुल्ला अली खामेनेई व उनके पूरे परिवार की मौत हो गई थी जिसके बाद तनाव बढ़ गया था।
प्रधानमंत्री ने भी किया है संयुक्त प्रयासों का आह्वान
ईरान ने यूएस व इजरायल के जवाब में कई खाड़ी देशों में इजराइली और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे जलमार्ग में और बाधाएं आईं और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों के साथ-साथ वैश्विक आर्थिक स्थिरता भी प्रभावित हुई। एक दिन पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच देश के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों का आह्वान किया था।
मोदी ने राज्यसभा को किया था संबोधित
पीएम मोदी ने राज्यसभा को संबोधित किया और विश्व स्तर पर शांति और बातचीत को बढ़ावा देने के लिए एक एकजुट आवाज उठाने का आह्वान किया, क्योंकि पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर रहा है, और खाड़ी देशों में रहने वाले लाखों भारतीयों की सुरक्षा को प्रभावित कर रहा है। आने वाले समय को देश के लिए एक बड़ी परीक्षा बताते हुए, मोदी ने राज्य सरकारों से सहयोग मांगा और उनसे पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना को लागू करने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें : Rajnath Singh: पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति पर चर्चा के लिए बैठक करेंगे रक्षा मंत्री


