West Asia Conflict: पीएम ने की बातचीत और कूटनीति के ज़रिए शांति की अपील

0
216
West Asia Conflict
West Asia Conflict: पीएम मोदी ने की बातचीत और कूटनीति के ज़रिए शांति की अपील

West Asia Conflict, (आज समाज), नई दिल्ली :  लोकसभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर बात की और मुद्दे के समाधान के लिए दुनिया भर में शांति और बातचीत को बढ़ावा देने के मकसद से सभी का एक एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति को बाधित कर रहा है और खाड़ी देशों में रहने वाले लाखों भारतीयों की सुरक्षा पर असर डाल रहा है।

युद्ध शुरू हो गए हैं तीन सप्ताह से ज्यादा 

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुए तीन सप्ताह से ज्यादा हो गए हैं और इस युद्ध के चलते दुनिया में एक गंभीर ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए भी यह स्थिति चिंताजनक है। पीएम ने कहा कि इस युद्ध ने हमारे व्यापार मार्गों पर असर डाला है, जिसके चलते पेट्रोल, डीजल, गैस और उर्वरकों की नियमित आपूर्ति प्रभावित हुई है।

क्षेत्र के नेताओं के साथ कई बार फोन पर की बातचीत

प्रधानमंत्री ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से उन्होंने इस क्षेत्र के नेताओं के साथ कई बार फोन पर बातचीत की है और सभी खाड़ी देशों, ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भारत के लगातार संपर्क में होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, खाड़ी देशों में लगभग एक करोड़ भारतीय रहते हैं और काम करते हैं। उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी भारत के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हैं कई जहाज

पीएम ने कहा, दुनिया भर के कई जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं और उन पर बड़ी संख्या में भारतीय चालक दल के सदस्य सवार हैं, जो भारत के लिए एक और बड़ी चिंता का विषय है। ऐसी कठिन स्थिति में यह जरूरी है कि भारत की संसद के इस उच्च सदन से शांति और बातचीत के लिए एक एकजुट आवाज पूरी दुनिया तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के दौरान भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 3,75,000 से ज्यादा भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिनमें ईरान से निकाले गए 1,000 से ज्यादा भारतीय भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें : Parliament Budget Session live: लोकसभा-राज्यसभा की कार्यवाही शुरू

  • TAGS
  • [post_tags]