Terrorism: दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, आईएसआई समर्थित 4 आतंकी गिरफ्तार

0
802
Terrorism
Terrorism: दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की बड़ी साजिश नाकाम, आईएसआई समर्थित 4 आतंकी गिरफ्तार

Terrorism, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतर-राज्यीय आॅपरेशन के तहत आईएसआई समर्थित 4 आरोपियों को हथियारों सहित गिरफ्तार कर दिल्ली-एनसीआर को दहलाने की बड़ी साजिश को नाकाम किया है। चारों पंजाब के रहने वाले हैं। इनमें 23 वर्षीय शुभदीप सिंह उर्फ विशाल और गुरजंट सिंह (22) पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले हैं। गगनप्रीत (24 वर्ष) पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का रहने वाला है और साजन सिंह (28 वर्ष) पंजाब के ही अमृतसर का रहने वाला है। फिलहाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल पूरे नेटवर्क, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों, ड्रोन के जरिए हथियारों की सप्लाई और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

आईएसआई हैंडलर शहजाद भट्टी

सूत्रों के अनुसार आरोपी आईएसआई हैंडलर (ISI handler) शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) और उसके साथियों के कहने पर दिल्ली में आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। उनके पास से विदेश में बनी दो पिस्तौल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल बरामद किए गए हैं। इनमें से एक ने दिल्ली में पुलिस ठिकानों की रेकी (निगरानी) की थी। पकड़े न जाने के लिए आरोपी विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। ये नंबर उनके पाकिस्तानी हैंडलरों ने उपलब्ध कराए थे।

विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज

मामले में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी से यह भी पता चला कि आतंकियों ने दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पंजाब के युवाओं को भर्ती किया था। सूत्रों के मुताबिक तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कई संदिग्धों की पहचान की गई और दिल्ली व पंजाब में कई जगहों पर छापेमारी के बाद उनसे पूछताछ की गई।

अमृतसर के मजीठा रोड से पहली गिरफ्तारी

अमृतसर के मजीठा रोड से पहली गिरफ्तारी में शुभदीप सिंह को पकड़ा गया। उसके पास से एक सेमी-आॅटोमैटिक पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि वह शहजाद भट्टी नेटवर्क के पाकिस्तान-स्थित हैंडलरों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व नशीले पदार्थ प्राप्त कर रहा था।

गगनप्रीत को दिल्ली से पकड़ा गया

जांच में शुभदीप ने गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि और साजन सिंह उर्फ हनी को पंजाब से पकड़ा गया। इन दोनों के पास से एक जिगना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए। आरोपी गगनप्रीत को पिछले सप्ताह दिल्ली से पकड़ा गया और उसके पास से एक मोबाइल और कई अहम सबूत बरामद किए गए। उसे पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स ने दिल्ली में धार्मिक स्थलों व पुलिस ठिकानों की रेकी का काम सौंपा था। दिल्ली में गोलीबारी की घटना को अंजाम देने का काम भी उसे दिया गया था।

शुभदीप सिंह उर्फ विशाल

तरनतारन का रहने वाला शुभदीप पाकिस्तान सीमा से लगभग 3 किलोमीटर दूर रहता है। वह ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करता था तथा विदेशी नंबरों के माध्यम से आईएसआई हैंडलरों और ड्रोन आॅपरेटरों के संपर्क में रहता था। वह पहले भी एनडीपीएस के एक मामले में पंजाब पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।

गुरजंट सिंह उर्फ ऋषि

तरनतारन निवासी गुरजंट भी विदेशी नंबरों के जरिए आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था। वह अपने चचेरे भाई साजन सिंह के साथ मिलकर ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से हथियार और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करता था।

साजन सिंह उर्फ हनी

अमृतसर निवासी साजन भी विदेशी नंबरों का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी आईएसआई हैंडलरों से संपर्क में था। उसे भी पहले पंजाब पुलिस एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार कर चुकी है।

गगनप्रीत

गगनप्रीत सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में था। उसे दिल्ली के पुलिस थानों, पुलिस पिकेटों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की वीडियो रिकॉर्डिंग करने तथा उन पर फायरिंग की घटना को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा गया था।

यह भी पढ़ें : Anti-Terrorism Conference-2025: देश में मजबूत और अभेद्य ग्रिड होना जरूरी

  • TAGS
  • [post_tags]