Woman Commits Suicide On Calling Her Monkey, (आज समाज), लखनऊ: छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी और यहां तक कि मामूली घरेलू झगड़ों से गुस्से में आकर मौत को गले लगाना आज की युवा पीढ़ी में आम बात हो गई है। ऐसा ही वाकया उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर में सामने आया है। यहां पति ने अपनी पत्नी को मजाक-मजाक में ‘बंदरिया’ कह दिया और इससे नाराज होकर पत्नी फंदे पर झूल गई और अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली।
तनु ने राहुल श्रीवास्तव के साथ की थी लव मैरिज
मृतका तनु सिंह (Tanu Singh) सआदतगंज लकड़मंडी (Saadatganj Lakadmandi) की रहने वाली थी और उसने चार वर्ष पहले इंदिरानगर तकरोही (Indiranagar Takrohi) के रहने वाले राहुल श्रीवास्तव (Rahul Srivastava) के साथ लव मैरिज की थी। परिवार वालों ने कहा है कि हंसी-मजाक के दौरान उसके पति ने उसे ‘बंदरिया’ कह दिया और इससे गुस्से में आकर उसने आत्महत्या कर ली। तनु की बहन अंजलि ने बताया कि तनु मॉडलिंग की शौकीन थी। पुलिस के अनुसार शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस की जांच जारी है और परिजनों ने मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
रोशनदान में कपड़ा लगाकर की आत्महत्या
राहुल श्रीवास्तव को घटना का पता तब चला जब उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने खिड़की से झांका। फिर उसे अनु उसे अंदर रोशनदान में कपड़ा लगाकर फंदे से लटकी दिखी। इसके बाद जैसे-तैसे वह दरवाजा खोलकर अंदर गया। फिर फंदे से उतारकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्त के जरिए हुई तनु व राहुल की मुलाकात
जानकारी के अनुासर राहुल आटो चलाता है और तनु से एक दोस्त के जरिए उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों इंदिरा नगर के रहने वाले हैं। दोनों की मुलाकात के बाद उनके परिवारों के बीच शादी को लेकर सहमति बनने पर दोनों की शादी हुई थी। राहुल के मुताबिक, परिवार सीतापुर में एक रिश्तेदार के यहां गया था और बुधवार को लौटा था। उसने बताया कि बुधवार दोपहर को वह, पत्नी तनु, साली अंजली तथा उसका बेटा अभय घर थे और आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे।
इसी दौरान तनु को मजाक में बंदरिया कह दिया जिससे वह आहत हो गई और दूसरे कमरे में चली गई। राहुल खाना लाने के बाहर चला गया। वापस आने पर जब उसने कमरे से तनु को बुलाया तो कोई आवाज नहीं आई। खिड़की से तनु को लटका देखकर अंजली चीख पड़ी। सुनकर आसपास के लोग भी वहां आए गए और दरवाजा तोड़कर तनु को फंदे से उतारा फिर अस्पताल ले जाया गया।


