Jammu-Kashmir Weather, (आज समाज), श्रीनगर: कश्मीर घाटी के गांदरबल जिले (Ganderbal district) में स्थित सोनमर्ग (Sonmarg) में रविवार को इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई। पूरा इलाका सफेद चादर से ढक गया। वहीं जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में इन दिनों लगातार ठंड व सुबह के समय कोहरा छा रहा है।
गाड़ियों, इमारतों और सड़कों पर जम गई बर्फ
सोनमर्ग में गाड़ियों, इमारतों और सड़कों पर बर्फ जम गई है और सैलानियों के साथ ही सोनमर्ग के स्थानीय लोगों ने भी प्रकृति की इस खूबसूरती का जमकर आनंद लिया। जैसे-जैसे बर्फ गिरती रही, कई लोगों ने स्नोबॉल फाइट और सुबह की सैर जैसी गतिविधियों का लुत्फ उठाया और प्राकृतिक सुंदरता का मजा लिया।
पंजाब से घूमने आए एक टूरिस्ट ने कहा, मैं यहां कई बार आया हूं, लेकिन पिछले साल बर्फ या बारिश नहीं हुई थी।
उन्होंने पर्यटकों को इस जगह पर आने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि यहां के लोग बहुत अच्छे हैं। असम से भ्रमण पर आए एक पर्यटक ने कहा, उन्होंने सुबह होटल से निकलने के बाद बर्फबारी का आनंद लिया। उन्होंने कहा, तेज ठंड के कारण हमें डबल कपड़े पहनने पड़े।
श्रीनगर में तापमान माइनस 4 डिग्री
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, श्रीनगर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां बीते कल शनिवार से तापमान में माइनस 4 डिग्री तक की गिरावट आई है, क्योंकि शहर में ठंड की लहर जारी है। डल झील जैसे इलाकों में घना कोहरा छा रहा है, हालांकि नाव की सवारी और घूमने-फिरने का सिलसिला जारी है, जिससे शहर में सर्दियों का खूबसूरत माहौल बना हुआ है।
सतर्कता बरतने की सलाह
मौसम विभाग के अधिकारियों ने निवासियों और पर्यटकों को ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने और मौसम के अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। उन्होंने खासकर उन इलाकों के लोगों को ज्यादा सतर्कता बरतने की सलाह दी है जहां अचानक बर्फबारी और कोहरे की संभावना रहती है।
ये भी पढ़ें : Weather Update Today : घने कोहरे में लिपटा उत्तर भारत, दिल्ली में 129 उड़ानें रद


