- कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली से बेंगलुरु रवाना
Karnataka Politics, (आज समाज), बेंगलुरु: कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। बुधवार यानी आज शाम 4 बजे बेंगलुरु के लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इससे पहले, शिवकुमार के आवास के आसपास और उनके पूरे निर्वाचन क्षेत्र (कनकपुरा) में उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर बधाई देने वाले बैनर और कटआउट लगाए गए हैं।
आज मंत्रियों की सूची जारी करेगा आलाकमान
शिवकुमार ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस आलाकमान बुधवार सुबह 10 बजे या दोपहर तक मंत्रियों की अंतिम सूची जारी कर देगा। इससे पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, शिवकुमार ने मंत्रियों के चयन से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों को खारिज करते हुए कहा कि मंत्रियों के चयन के संबंध में मीडिया में जो नाम सामने आ रहे हैं, वे आधिकारिक नहीं हैं। आलाकमान के नेता आज सुबह 10 बजे या दोपहर तक मंत्रियों की सूची जारी करेंगे।
सीडब्ल्यूसी के सदस्य नियुक्त किए गए सिद्धारमैया
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने मंगलवार को नई कैबिनेट की संरचना, राज्यसभा नामांकन और संगठनात्मक पुनर्गठन को अंतिम रूप देने के लिए नई दिल्ली में शिवकुमार और सिद्धारमैया के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इसी क्रम में, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) ने मंगलवार को निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली से बेंगलुरु रवाना हो गए हैं
कांग्रेस भवन का शिलान्यास समारोह स्थगित
शिवकुमार ने यह भी पुष्टि की कि कांग्रेस भवन के शिलान्यास समारोह को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद के कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठकें और कैबिनेट बैठक शामिल होगी। शपथ ग्रहण समारोह 28 मई को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद शुरू हुई एक लंबी राजनीतिक प्रक्रिया की परिणति है, जिसने कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया। इसके बाद राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया और मंत्रिपरिषद को भंग कर दिया।
ये भी पढ़ें : Karnataka Politics: सिद्धारमैया ने किया इस्तीफे का ऐलान, शिवकुमार बन सकते हैं सीएम


