Jaishankar Luxembourg Visit Update: विदेश मंत्री का भारत-लक्जमबर्ग संबंधों को नई गति देने पर जोर

0
228
Jaishankar Luxembourg Visit
लक्जमबर्ग के राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से मुलाकात के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर।
  • जयशंकर ने राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से की मुलाकात

Jaishankar Meets Luxembourg Head Duke Guillaume, (आज समाज), लक्जमबर्ग सिटी: विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत-लक्जमबर्ग संबंधों (India-Luxembourg relations) को नई गति देने पर जोर दिया है। बता दें कि जयशंकर लक्जमबर्ग के दौरे पर हैं और इस दौरान मंगलवार को उन्होंने वहां के राष्ट्राध्यक्ष ग्रैंड ड्यूक गुइलौम से मुलाकात की।

राष्ट्राध्यक्ष के साथ भेंट करना सम्मान की बात

भारतीय विदेश मंत्री ने ग्रैंड ड्यूक के साथ मुलाकात की सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर की और ‘एक्स’ पर लिखा कि लक्जमबर्ग के राष्ट्राध्यक्ष के साथ भेंट करना उनके लिए सम्मान की बात रही। जयशंकर ने भेंट के दौरान ग्रैंड ड्यूक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही उन्होंने भारत के प्रति ग्रैंड ड्यूक की सकारात्मक भावनाओं व भारत-लक्जमबर्ग द्विपक्षीय साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के उनके दृष्टिकोण की तारीफ की।

उप प्रधानमंत्री व अपने समकक्ष संग भी की बैठक

जयशंकर ने इससे पहले लक्जमबर्ग के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री जेवियर बेटेल के साथ बैठक की। उन्होंने इस दौरान कहा कि भारत और लक्जमबर्ग फिनटेक, अंतरिक्ष, डिजिटल क्षेत्र और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे उभरते क्षेत्रों में और अधिक प्रोडक्टिव तरीके से सहयोग कर सकते हैं। विदेश मंत्री ने विश्वास जताया कि इन विषयों पर हुई चर्चा से दोनों देशों को लाभ होगा।

लक्जमबर्ग में हमारा एक बहुत सक्रिय भारतीय समुदाय

जयशंकर ने कहा, मैं देख सकता था कि यहां हमारा एक बहुत सक्रिय भारतीय समुदाय है। इसके अलावा, हमारे बीच एक मजबूत व्यापारिक संबंध भी है। लेकिन फिनटेक, स्पेस, पूरी डिजिटल दुनिया और एआई जैसे कई ऐसे अहम क्षेत्र हैं, जहां हम पहले से कहीं ज्यादा प्रभावी ढंग से मिलकर काम कर सकते हैं।

गर्मजोशी से स्वागत के लिए जताया बेटेल का आभार

भारतीय विदेश मंत्री ने लक्जमबर्ग में गर्मजोशी से स्वागत के लिए अपने समकक्ष जेवियर बेटेल का आभार जताया। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में बेटेल के व्यक्तिगत समर्थन और सहयोग को भी रेखांकित किया। जयशंकर ने यह भी कहा कि मौजूदा वैश्विक हालात भी खासे दिलचस्प हैं और इन पर खुली चर्चा होने से दोनों देशों को लाभ होगा।

ये भी पढ़ें: S Jaishankar: वेनेजुएला के लोगों की भलाई एवं सुरक्षा के लिए कोई रास्ता निकालना जरूरी

  • TAGS
  • [post_tags]