Irani President, (आज समाज), तेहरान: अमेरिका, इजराइल और ईरान के कारण पश्चिम एशिया में बढ़े संघर्ष के बीच ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन (Masoud Pezeshkian) ने कहा है कि क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका को पश्चिम एशिया छोड़ देना चाहिए, क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है।
ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहे अमेरिका, इजराइल और ईरान
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, पेजेशकियन ने कहा, पश्चिम एशिया में संघर्ष और गहरा गया है, जिसमें अमेरिका, इजराइल और ईरान एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति खतरे में पड़ गई है। उन्होंने कहा, क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए, अमेरिका को यहाँ नहीं होना चाहिए।
यूएई के फुजैरा बंदरगाह को निशाना बनाया
शनिवार की रिपोर्टों के अनुसार एक ड्रोन हमले में यूएई के फुजैरा बंदरगाह को निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई। खाड़ी मामलों के एक जानकार विश्लेषक ने पुष्टि की कि फुजैरा पर ईरान के हमले के कारण आग तब लगी, जब यूएई की वायु रक्षा प्रणालियों ने एक ड्रोन को सफलतापूर्वक रोक लिया और उसके मलबे के गिरने से आग भड़क उठी। हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आईआरजीसी ने दी है चेतावनी
विश्लेषक ने कहा कि यह घटना इस बात की गंभीरता को दर्शाती है कि इस क्षेत्र में तनाव को और बढ़ने से रोकना कितना जरूरी है। उन्होंने बताया कि यूएई को बार-बार निशाना बनाया जाना उसकी किसी कमजोरी को नहीं, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, कूटनीति और वित्तीय प्रवाह में उसके रणनीतिक महत्व को दर्शाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इजराइल ने ईरान के बैंकिंग बुनियादी ढांचे पर और हमले किए, तो खाड़ी क्षेत्र में संचालित अमेरिकी बैंकों की शाखाओं पर होने वाले हमले और भी बढ़ सकते हैं।
28 फरवरी को हुई थी टकराव की शुरूआत
मौजूदा टकराव की शुरूआत 28 फरवरी को हुई थी, जब अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारी और कमांडर मारे गए थे। तब से, ईरानी सशस्त्र बलों ने इजरायल के कब्जे वाले इलाकों में स्थित ठिकानों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों और संपत्तियों को निशाना बनाते हुए, रोजाना मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें : US Israel VS Iran: होर्मुज स्ट्रेट को खुला और सुरक्षित रखने के लिए कई देश युद्धपोत भेजेंगे: ट्रम्प


