अमेरिकी राष्ट्रपति ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री का पत्र लिखकर जताई नाराजगी, नॉर्वे पीएम ने भी लिखा जवाबी पत्र
Donald Trump (आज समाज), वॉशिंगटन : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की शांति के लिए नोबेल पुरस्कार न मिलने की टीस एक बार फिर सामने आ गई है। ट्रंप ने नॉर्वे के पीएम को रविवार को एक पत्र लिखा था। जिसके बाद सोमवार को उसे सार्वजनिक किया गया।
नॉर्वे सरकार की ओर से जारी किए गए ट्रंप के रविवार के संदेश में कहा गया, यह देखते हुए कि आपके देश ने मुझे आठ से अधिक युद्ध रोकने के बावजूद नोबेल शांति पुरस्कार नहीं दिया, अब मुझे सिर्फ शांति के बारे में सोचने की बाध्यता महसूस नहीं होती। हालांकि शांति हमेशा प्राथमिकता रहेगी, लेकिन अब मैं यह भी सोच सकता हूं कि अमेरिका के लिए क्या अच्छा और उचित है। संदेश के अंत में लिखा था, ग्रीनलैंड पर पूर्ण और संपूर्ण नियंत्रण के बिना दुनिया सुरक्षित नहीं है।
नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?
नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने कहा कि ट्रंप का यह संदेश उनके और फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब की ओर से पहले भेजे गए संदेश के जवाब में था। नोबेल शांति पुरस्कार को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्रंप को पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यह पुरस्कार एक स्वतंत्र नोबेल समिति की ओर से दिया जाता है, न कि नॉर्वे सरकार द्वारा। यह समिति एक स्वतंत्र संस्था है, जिसके पांच सदस्य नॉर्वे की संसद की ओर से नियुक्त किए जाते हैं।
उस संदेश में टैरिफ की घोषणा का विरोध किया गया था, तनाव कम करने की जरूरत पर जोर दिया गया था और तीनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत का प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने कहा, ग्रीनलैंड पर नॉर्वे का रुख बिल्कुल स्पष्ट है। ग्रीनलैंड डेनमार्क साम्राज्य का हिस्सा है और इस मुद्दे पर नॉर्वे पूरी तरह डेनमार्क का समर्थन करता है। ज्ञात रहे कि ग्रीनलैंड को अपने कब्जे में लेने की धमकियों के लेकर अमेरिका और उसके करीबी सहयोगियों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। ग्रीनलैंड, नाटो सदस्य डेनमार्क का एक स्वशासित क्षेत्र है।
ये भी पढ़ें : WEF Report on Tariff : आने वाले दो साल में बना रहेगा आर्थिक टकराव : डब्ल्यूईएफ


