
Eid-ul-Fitr 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: देशभर में आज ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। बता दें कि रमजान के तीस रोजे और इबादतों के बाद शुक्रवार को ईद का चांद दिखाई दिया था। चांद दिखने पर अकीदतमंदों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने एक-दूसरे को गले लगाकर चांद व ईद की मुबारकबाद दी।
मुस्लिम बहनों व भाइयों को हार्दिक बधाई : राष्ट्रपति
ईद-उल-फितर के पवित्र त्योहार पर राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि इस्लाम धर्म का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण यह पर्व सेवा, परोपकार आत्मसंयम व जरूरतमंदों के प्रति दया की भावना की सीख देता है। उन्होंने कहा इस मौके पर सभी देशवासियों, खासतौर पर मुस्लिम बहनों व भाइयों को हार्दिक बधाई। राष्ट्रपति ने लोगों से इस अवसर पर समाज व देश को सशक्त बनाने का संकल्प लेने का आग्रह किया है। बता दें कि रमजान का महीना समाप्त होने पर ईद मनाई जाती है।
सभी लोग हमेशा खुश तथा स्वस्थ रहें : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बधाई संदेश में लिखा, ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन चारों ओर भाईचारे और सद्भाव को और अधिक बढ़ाए। सभी लोग सुखी और स्वस्थ रहें। ईद मुबारक! बसपा प्रमुख और यूपी की पूर्व सीएम मायावती ने भी ईद के मौके पर सभी मुसलमानों मुबारकबाद दी। उन्होंने अपने संदेश में बीआर अंबेडकर द्वारा बनाए संविधान का जिक्र कर कहा कि सभी लोगों को एक अच्छा जीवन जीने का अधिकार मिला है। बसपा चीफ ने देश में शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
ईरान जंग का विरोध भी देखने को मिल रहा
ईद पर देश में कुछ जगहों पर अमेरिका-इजरायल और ईरान जंग का विरोध भी देखने को मिल रहा है। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए हैं। वहीं राजस्थान में लोगों ने काली पट्टी बांधकर युद्ध का विरोध किया। उधर पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की जगह पहली बार नमाज पढ़े जाने की सूचना है।
यह भी पढ़ें : Eid-ul-Fitr-2025: भारत और पड़ोसी देशों में सोमवार को मनाई जाएगी ईद

