Delhi-NCR Rain, (आज समाज), नई दिल्ली: दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार दोपहर बाद राष्ट्रीय राजधानी सहित पूरे एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। गौरतलब है कि मौसम विभाग (आईएमडी) पहले ही दिल्ली-एनसीआर में चार और पांच जून के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। बारिश होने से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
दोपहर तक तेज धूप थी
दिल्ली-एनसीआर के अधिकतर इलाकों में आज दोपहर तक तेज धूप थी और लोगों को गर्म हवाओं से दो-चार होना पड़ रहा था। इस बीच अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई जगह धूलभरी आंधी भी आई और मौसम सुहावना हो गया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की है।
तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिजली कड़कने के साथ कुछ जगह ओलावृष्टि होने की संभावना भी जताई थी। वहीं 80-100 किलोमीटर प्रति घंटा तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी दी गई थी। छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 6 जून तक बारिश के आसार बताए हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 7, 8 और 9 जून को मौसम अपेक्षाकृत स्थिर रहेगा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 76% और न्यूनतम आर्द्रता 41% रही।
यह भी पढ़ें : Keralam Weather: केरलम पहुंचा मानसून, कई जिलों में रात से हो रही भारी बारिश


