Council Ministers Meeting, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी स्थित ‘सेवा तीर्थ’ में मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता की। इसके बाद शुक्रवार यानी आज उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बैठक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, यह बैठक ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए, ‘जीवन की सुगमता’ और ‘व्यापार करने की सुगमता’ को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किए जाने वाले सुधारों पर चर्चा करने के लिए आयोजित की गई थी।
कई प्रमुख मंत्रालयों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं
पीएम ने बताया, हमने इस बात पर चर्चा की कि ‘विकसित भारत’ के हमारे साझा सपने को साकार करने के लिए सुधारों को कैसे और आगे बढ़ाया जाए। एक भाजपा नेता के अनुसार, बैठक के दौरान, कृषि, वन, श्रम, सड़क परिवहन, कॉपोर्रेट मामले, विदेश मामले, वाणिज्य और ऊर्जा सहित कई प्रमुख मंत्रालयों द्वारा प्रस्तुतियां दी गईं।
त्वरित निर्णय लेने और कुशल शासन की आवश्यकता पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए त्वरित निर्णय लेने और कुशल शासन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, फाइलें बिना किसी अनावश्यक देरी के तेजी से आगे बढ़नी चाहिए। पीएम ने न्यूनतम समय में अधिकतम उत्पादकता हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने मंत्रालयों से शासन में अधिक सरलता लाने और सुधारों पर अधिक मजबूती से ध्यान केंद्रित करने का भी आग्रह किया।
‘विकसित भारत 2047’ सरकार की प्रतिबद्धता
पीएम ने सरकार के दीर्घकालिक विजन को दोहराते हुए कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह सरकार की एक प्रतिबद्धता है। प्रदर्शन मूल्यांकन में निचले पायदान पर रहे मंत्रालयों को सुधारात्मक उपाय करने और अपने कामकाज में सुधार लाने की सलाह दी गई।
जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों शेयर करें मंत्री
प्रधानमंत्री ने मंत्रियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सक्रिय रूप से जनता तक पहुंचें और पिछले 12 वर्षों में सरकार द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को उजागर करें। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक को सरकार के प्रदर्शन की समीक्षा करने के लिए एक महत्वपूर्ण ‘मध्य-अवधि मूल्यांकन’ के रूप में देखा गया। इस उच्च-स्तरीय बैठक में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और राज्य मंत्री शामिल हुए।
ये भी पढ़ें : PM Modi Italy Visit: इटली दौरे से मजबूत हुए भारत-इटली के रिश्ते : प्रधानमंत्री


