
कुछ घायलों की हालत गंभीर
Bilaspur Train Accident, (आज समाज), रायपुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बिलासपुर में हुए ट्रेन हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या 11 हो गई है और 20 लोग जख्मी हैं। मंगलवार शाम को बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास पैसेंजर ट्रेन (मेमू) ट्रेन ने खड़ी मालगाड़ी को टक्कर मार दी थी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बुलेटिन (South East Central Railway Bulletin) में यह जानकारी दी गई है। सूचना पर रेलवे प्रशासन राहत कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा और बचाव का काम शुरू किया। बीती रात तक 8 लोगों के मरने की पुष्टि हुई थी।
मेमू के चालक के सिग्नल की अनदेखी करने की आशंका

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। सीएम के निर्देश पर घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों का कहना है, उन्हें आशंका है कि मेमू ट्रेन के ड्राइवर ने लाल सिग्नल की अनदेखी की होगी और इसी वजह से दुर्घटना हुई।
विस्तृत जांच के बाद हादसे की सही वजह पता चलेगी
हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की सही वजह का पता चल सकेगा। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार टक्कर इतनी भयंकर थी कि मेमू ट्रेन का एक डिब्बा मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। बिलासपुर के कलेक्टर (Bilaspur Collector) संजय अग्रवाल ( Sanjay Agarwal) के मुताबिक देर रात तक दो लोग ट्रेन के क्षतिग्रस्त कोच में फंसे थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतक संख्या बढ़ सकती है।
राज्य सरकार कर रही पीड़ितों की मदद
रेलवे के अनुसार हादसा बिलासपुर कटनी रेल मार्ग पर हुआ है। बता दें कि यह मार्ग सबसे व्यस्ततम मार्ग है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दु:खद है। पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जा रही है। राज्य सरकार इस संकट में सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। घायलों के इलाज के लिए सभी जरूरी संसाधन व चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा रही है।
यह भी पढ़ें : Nashik Train Accident: कर्मभूमि एक्सप्रेस से गिरे तीन लोग, दो की मौके पर ही मौत

