Haryana News: खंभे के करंट ने ली भैंस की जान, इंसाफ की गुहार लेकर हाईकोर्ट पहुंचा मालिक, अदालत की टिप्पणी सुन चौंक जाएंगे!

0
344

नई दिल्ली. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में आया एक मामला चर्चा में बना हुआ है. खंबे से करंट लगने से भैंस की मौत हो गई. इसका मामला मालिक कोर्ट लेकर पहुंच गए. मुआवजे की रकम बढ़ाने की मांग वाली अपील खारिज कर दी है. अदालत ने कहा कि बिजली निगम से जुड़े हर विवाद की सुनवाई स्थायी लोक अदालत के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती. कोर्ट ने पशुपालक को पहले से स्वीकृत 27 हजार रुपये का मुआवजा वापस लेने पर रोक लगा दी है.

यह फैसला जींद निवासी शमशेर सिंह की अपील पर जस्टिस सुवीर सहगल और जस्टिस राजेश गौर की खंडपीठ ने सुनाया. अदालत ने स्पष्ट किया कि स्थायी लोक अदालत का अधिकार क्षेत्र सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से सीधे जुड़े विवादों तक सीमित है. केवल किसी मामले में बिजली निगम के पक्षकार होने से स्थायी लोक अदालत को हर तरह के दावे पर फैसला सुनाने का अधिकार नहीं मिल जाता.

खंभे के तार से लगा करंट, मौके पर हुई भैंस की मौत

मामला 2 जुलाई 2015 का है. शमशेर सिंह अपनी भैंसों को गांव के जोहड़ से घर लेकर लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी एक भैंस ट्रांसफार्मर के खंभे को सहारा देने के लिए लगाए गए तार के संपर्क में आ गई. आरोप था कि तार में करंट उतर रहा था और बिजली निगम की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ. करंट लगने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के दिन पुलिस थाने में सूचना दी गई और दैनिक डायरी रिपोर्ट दर्ज की गई. सरकारी पशु अस्पताल, बिबीपुर के पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह बिजली का झटका लगने से हृदय गति रुकना बताई थी. भैंस की कीमत 40 हजार रुपये आंकी गई थी.

पहले उपभोक्ता आयोग, फिर स्थायी लोक अदालत पहुंचे पशुपालक

भैंस की मौत के बाद शमशेर सिंह ने जिला उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया. इसके बाद उन्होंने स्थायी लोक अदालत में मुआवजे की मांग की. 4 अप्रैल 2025 को स्थायी लोक अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों को विवाद का फैसला करने के लिए अपर्याप्त माना. अदालत ने बिजली निगम को नियमानुसार मामले की सुनवाई करने और कारणों सहित आदेश जारी करने का निर्देश दिया. इसके बाद दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने 31 अक्टूबर 2025 को 27 हजार रुपये मुआवजा मंजूर किया. निगम ने इस रकम को पूरी और अंतिम भरपाई मानने के संबंध में पशुपालक से लिखित आश्वासन भी मांगा था.

हाईकोर्ट में एक से दो लाख रुपये कीमत होने का दावा

मुआवजे की रकम से असंतुष्ट शमशेर सिंह ने हाईकोर्ट में अपील दायर की. उनका कहना था कि मृत भैंस अच्छी नस्ल की थी और अधिक दूध देती थी. बाजार में उसकी कीमत एक से दो लाख रुपये तक थी. उन्होंने बिजली निगम पर तारों की उचित देखरेख नहीं करने और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने का आरोप भी लगाया. हाईकोर्ट ने इन दलीलों को मुआवजा बढ़ाने के लिए पर्याप्त नहीं माना. खंडपीठ ने कहा कि 2015 में हुए हादसे के इतने लंबे समय बाद घटनास्थल का निरीक्षण करना संभव नहीं है. बिजली निगम की लापरवाही साबित करने के लिए पर्याप्त सामग्री भी उपलब्ध नहीं है.

  • TAGS
  • [post_tags]