Bhiwadi-Noida Fire, (आज समाज), जयपुर/नोएडा: देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल और बिहार के अस्पताल में भीषण आग लगने से 31 मौतों के बाद राजस्थान के भिवाड़ी में और दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में शुक्रवार सुबह दो जगह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल व एसडीआरएफ की टीमों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और ताजा तीनों घटनाओं में कोई जानहानि नहीं हुई है। आग के कारणों की जांच जारी है।
गौरतलब है कि मालवीय नगर के होटल में बुधवार को भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य झुलस गए। वहीं बिहार के एक निजी अस्पताल के आईसूयी में गुरुवार को आग लगने 10 मरीज काल का ग्रास बन गए।
भिवाड़ी :ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट, पास की 2 फैक्टरियां भी चपेट में
राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक ट्रांसफार्मर में धमाका होने के बाद आयल ने आग पकड़ ली और पास की दो फैक्टरियों तक आग फैल गई। दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। घटना के समय आसपास चौतरफा लोगों में हड़कंप मचा रहा। बताया जा रहा है आग बुझाते समय दमकल के 5 कर्मचारी झुलस गए हैं।
आईवीवाई काउंटी सोसाइटी के 12वें माले में फ्लैट में लगी थी आग
नोएडा के सेक्टर-52 के पीजी के अलावा सेक्टर-75 की आईवीवाई काउंटी सोसाइटी के 12वें माले में स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। बताया गया है कि आग इतनी भीषण थी दूर से ही फ्लैट की खिड़कियों व बालकनी से काले धुएं का गबार व ऊंची-ऊंची लपटें दिख रही थी। यह देखकर पूरी सोसाइटी के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कूलिंग आपरेशन शुरू किया। यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर अधिकारियों को राहत एंव बचाव का काम तेज करने व घायलों का तुरंत बेहतर उपचार सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
मामले की जांच में जुटा पुलिस व प्रशासन
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी स्तरों पर अलर्ट रहने व राहत कार्यों पर लगातार नजर खने को कहा है। आगे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस व प्रशासन मामले की जांच में जुटा है। सेक्टर-52 के शताब्दी विहार स्थित पेइंग गेस्ट (पीजी) में आग लगी है। पीजी के नीचे एक रेस्टोरेंट चल रहा था। पता चलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पीजी में रहने वाले युवा दहशत मची रही।
मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन के शोरूम में आग
मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन के एक शोरूम में भी शुक्रवार को भीषण आग लगने से उसमें रखे सभी वाहन जलकर खाक हो गए। शोरूम की उपरी मंजिल पर रिहायश थी। उसमें रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग लगने व इमारत से धुआं उठने के बाद ऊपर रह रहे लोग फंस गए थे। उन्हें पड़ोस में रहने वाले लोगों ने लकड़ी की सीढ़ी लगाकर बचाया। जिस इमारत में आग लगी थी, उसकी छत को सामने वाले घर की छत से सीढ़ियों से जोड़कर लोगों को दूसरी छत पर ले जाया गया।
ये भी पढ़ें: Delhi Restaurant Fire Tragedy: होटल मालिक लवकेश बजाज 4 दिन के पुलिस रिमांड पर


