Bangladesh News: भारत को लेकर हमेशा टकराव वाला रहा खालिदा जिया का रुख

0
219
Bangladesh News
Bangladesh News: भारत को लेकर हमेशा टकराव वाला रहा खालिदा जिया का रुख
  • महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा : पीएम मोदी

Khaleda Zia Death, (आज समाज), नई दिल्ली/ढाका:  बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा जिया का राजनीतिक जीवन उठापटक वाला रहा। बता दें कि 80 साल की उम्र में आज सुबह खालिदा का निधन हो गया। वह 20 दिन से वेंटिलेटर पर थीं। खालिदा ने राजनीतिक जीवन में कई चीजें झेलीं। भारत को लेकर खालिदा का रुख ज्यादातर समय टकराव वाला रहा था। वह हमेशा कहती थीं कि बांग्लादेश की सुरक्षा और संप्रभुता सबसे ऊपर है।

पाकिस्तानी सेना ने कर दिया था नजरबंद

पाकिस्तानी सेना ने 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान खालिदा जिया को जुलाई में नजरबंद कर दिया था। वे दिसंबर तक पाक सेना की कैद में रहीं। इसके बाद 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान जब हार गया तब उन्हें रिहा किया गया। बाद के सालों में भी खालिदा का जीवन आंदोलनों, राजनीतिक टकराव और हमलों से घिरा रहा। वर्ष 2015 में मेयर चुनाव के प्रचार के दौरान ढाका में उनके काफिले पर गोलीबारी और पथराव हुआ, जिसमें वे बाल-बाल बचीं थीं।

बांग्लादेश की सरजमीं से रास्ता देने का विरोध किया

प्रधानमंत्री रहते हुए खालिदा ने भारत को बांग्लादेश की सरजमीं से रास्ता देने का विरोध किया। बता दें कि भारत अपने पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंचने के लिए बांग्लादेश से होकर रास्ता चाहता था। पर खालिदा का कहना था कि इससे बांग्लादेश की सुरक्षा खतरे में पड़ेगी। उन्होंने 1972 की ‘भारत-बांग्लादेश मैत्री संधि’ को आगे बढ़ाने का भी विरोध किया। खालिदा जिया का कहना था कि यह संधि बांग्लादेश को कमजोर बनाती है। खालिदा हमेशा कहती थीं कि उनकी पार्टी बीएनपी बांग्लादेश को भारत के दबदबे में कभी नहीं आएगी। खालिदा ने 2018 में एक रैली में कहा था कि बांग्लादेश को ‘भारत का राज्य’ नहीं बनने देंगे।

ढाका में खालिदा जिया हुई मेरी गर्मजोशी भरी मुलाकात : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर, बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में खालिदा जिया के महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। एक पुरानी मुलाकात को याद करते हुए मोदी कहा, मुझे 2015 में ढाका में खालिदा जिया हुई मेरी गर्मजोशी भरी मुलाकात याद है। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि उनकी सोच और विरासत हमारी साझेदारी का मार्गदर्शन करती रहेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

खालिदा जिया ने देश के लिए अहम योगदान दिया : शेख हसीना

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने भी खालिदा के निधन पर दुख जताया है। शेख हसीना ने अपने शोक संदेश में कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में खालिदा जिया ने देश के लिए अहम योगदान दिया। उन्होंने लोकतंत्र की स्थापना के संघर्ष में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। खालिदा का निधन न केवल बांग्लादेश की राजनीतिक जिंदगी के लिए, बल्कि बीएनपी के नेतृत्व के लिए भी एक बड़ी क्षति है। शेख हसीना ने खालिदा के बेटे तारिक रहमान और उनके परिवार के लिए भी संवेदनाएं जताईं।

ये भी पढ़ें : Khaleda Zia Death: बांग्लादेश की पूर्व पीएम के निधन पर पीएम ने जताया शोक