
Bangladesh, (आज समाज), ढाका: बांग्लादेश में एक बार फिर हिंदुओं को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। अब मंदिर पर धमाके किए गए हैं, जिसमें पुजारी केशव चक्रवर्ती (Keshab Chakraborty) समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। पुलिस के अनुसार शनिवार शाम को यह वादात हुई है।
सिलसिलेवार पेट्रोल बम विस्फोट किए गए
स्थानीय सूत्रों व मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक वारदात कोमिल्ला शहर में कलागाछितला मंदिर की है। बताया गया है कि मंदिर के पास की सड़क के समीप सिलसिलेवार पेट्रोल बम विस्फोट किए गए जिसमें 3 लोग घायल हो गए हैं। मंदिर के पुजारी केशव चक्रवर्ती (Keshab Chakraborty) के अलावा अन्य घायलों में इलाके का रहने वाला दूसरा व्यक्ति अब्दुल बारेक है। वहीं विस्फोटों में जख्मी हुए तीसरे व्यक्ति की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घटना शनिवार शाम (07 मार्च) की है।
घायलों में एक राहगीर शामिल
कोमिल्ला के पुलिस अधीक्षक मो. अनीसुज्जमान (SP Md Anisuzzaman) के मुताबिक पुजारी के अलावा दो अन्य घायलों में एक राहगीर शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने वारदात में संलिप्त लोगों की तलाशी के लिए अभियान चलाया है और उन्हें बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने कहा है कि वारदात का कारण सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना हो सकता है।
घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज मिले
पुलिस को इस बीच घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैं और जांच की जा रही है। कोटवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी मो. तौहीदुल अनवर ने बताया कि फिलहाल वारदात के मकसद की पुष्टि नहीं कर सकते। अभी यह बताना भी मुश्किल होगा कि धमाकों को किसने अंजाम दिया है।
भागते वक्त दो और क्रूड बम धमाके किए
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि शनिवार शाम 6 बजकर 28 मिनट पर एक नकाबपोश व्यक्ति एक बैग के साथ मंदिर परिसर में प्रवेश कर रहा है। उसके आसपास कई लोग भी खड़े दिख रहे हैं। संदिग्ध बैग मंदिर में रखकर मौके से जैसे ही भागा, कुछ ही देर में वहां धमाका हो गया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने भागते वक्त पास के एक बौद्ध मंदिर व आसपास की सड़क पर दो और क्रूड बम धमाके किए।
हमले का मकसद सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ना
हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद, कोमिल्ला इकाई के महासचिव तपस बख्शी ने कहा है कि हमले के पीछे का कारण सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना हो सकता है। पुलिस ने मौके से बैग के अलावा एक कुल्हाड़ी भी जब्त की है। एक अन्य व्यक्ति ने भी कहा कि हमले का मकसद सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ना था। उन्होंने कहा, ूएरिया में एक बौद्ध मंदिर व दो हिंदू मंदिर हैं और इसके अलावा वहां एक भी मस्जिद है। लगता है कि इस स्थान को लक्षित करके विस्फोटों को अंजाम दिया गया है। जांच की रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें : Bangladesh Oath Ceremony: तारिक रहमान ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ

