करनाल: किसानों पर लाठियां भांजने वाली सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं : रमेश सैनी

0
479
ramesh saini
ramesh saini
प्रवीण वालिया, करनाल:
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव तथा किसान नेता रमेश सैनी ने किसानों पर पुलिस द्वारा किए लाठी चार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा सरकार का किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि किसान शांतिपूर्वक ढग़ से सीएम के कार्यक्रम का विरोध जताने के लिए काले झंडे लेकर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांज कर उन्हें घायल कर दिया। कई किसान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके सिर पर काफी गहरी चोटें लगी हैं। सैनी ने कहा कि किसान तो अपनी बात कहने के लिए जा रहे थे। उन पर लाठी चार्ज करना तानाशाही है। उन्होंने कहा कि किसान गत नौ महीनों से आंदोलन कर रहा है और सैकड़ों किसान शहीद हो गए हैं।
उसके बाद भी सरकार किसानों की बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा  कि लोकराज लोकलाज से चलता है। लेकिन भाजपा ने लोकलाज ताक पर रख दी है। उन्होंने कहा कि शनिवार को पूरा शहर चारों तरफ से सील रहा व पुलिस छावनी बना रहा। लोग जाम में जूझते रहे। गर्भवती महिलाएं दर्द से कहराती रही। जाम में फंसी होने के कारण लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा लेकिन किसी ने भी बीमार व लाचार लोगों की मदद नहीं की। लोग भाजपा सरकार को कोसते नजर आए। सैनी ने कहा कि इस किसान विरोधी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। धरती पुत्रों पर लाठी चार्ज कर उन्हें चोटिल करना गलत है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। सैनी ने कहा कि लोगों का भाजपा से मोह भंग हो चुका है। आने वाले विधान सभा चुनावों में भाजपा को इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का उन्मूलन करने पर तुली हुई है। मुख्यमंत्री को इस लाठी चार्ज की जांच करवानी चाहिए।
SHARE