मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पूरे हरियाणा में जारी किया है अलर्ट
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा में आज सुबह मौसम बदल गया। हिसार, भिवानी, अंबाला और सिरसा में बारिश हुई। वहीं, गुरुग्राम में बूंदाबांदी हुई। फरीदाबाद, फतेहाबाद, झज्जर और महेंद्रगढ़ के नारनौल में बादल छाए हुए हैं। बारिश की संभावना है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, चरखी दादरी, भिवानी, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर में कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की भी संभावना है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा सूरतगढ़, भिवानी, अलीगढ़, बांदा, डाल्टागंज, दीघा से होता हुए उत्तरपूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी है। इससे बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली मानसूनी हवाएं राज्य की तरफ आ रही हैं। इससे मौसम लगातार बदल रहा है। उन्होंने कहा हि प्रदेश में 16 जुलाई तक मौसम परिवर्तनशील रहने और बरसात होने की संभावना है।
प्रदेश में सामान्य से 37 प्रतिशत ज्यादा हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 2025 में इस सीजन के दौरान अब तक हरियाणा प्रदेश में औसतन बारिश 154.5 एमएम दर्ज की गई। जबकि, सामान्यत: प्रदेश में 112.8 एमएम बारिश होती रही है। इस बार प्रदेश में 37 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है। वहीं हरियाणा के अधिकतम तापमान में रविवार को 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य के नजदीक ही पहुंच गया है।
ये भी पढ़ें : नूंह में आज इंटरनेट रहेगा बंद