Punjab Breaking News : विदेश नीति पर बात करना हमारा अधिकार : मान

0
101
Punjab Breaking News : विदेश नीति पर बात करना हमारा अधिकार : मान
Punjab Breaking News : विदेश नीति पर बात करना हमारा अधिकार : मान

कहा, प्रधानमंत्री अडानी के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कर रहे हैं विदेश दौरे

Punjab Breaking News  (आज समाज), चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि केंद्र द्वारा हमारी आवाज दबाने की हर कोशिश का हम मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें कानून और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, जहां हमारी बात सुनी जाएगी। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार बौखलाहट में काम कर रही है। मान ने कहा कि आज ऐसा माहौल बना दिया गया है कि हर आम आदमी में डर है।

ऐसा लग रहा है कि जो भी सच बोलेगा, उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और अन्य नेताओं को सिर्फ सच बोलने के कारण जेल जाना पड़ा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि आने वाले समय में और गिरफ्तारियां तथा एफआईआर दर्ज होंगी क्योंकि भाजपा और उसके नेता मोदी के खिलाफ बोलने वाली हर आवाज को कुचलना चाहते हैं।

हम बार-बार उठाएंगे सवाल

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री होने के नाते उन्हें देश की विदेश नीति पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे बार-बार मोदी के विदेशी दौरों पर सवाल उठाते रहेंगे क्योंकि सच्चाई यह है कि जिस भी देश में मोदी जाते हैं, वहां उसके बाद अडानी का कारोबार फैलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और यह कंपनी यह स्वीकार नहीं करते कि वे अडानी को विदेशों में व्यापार फैलाने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत-पाक युद्ध के दौरान दुनिया के किसी भी देश ने भारत का साथ नहीं दिया, तो फिर ऐसे दौरों का क्या लाभ?

केंद्र सरकार गैंगस्टरों को दे रही संरक्षण

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार खतरनाक गैंगस्टरों को संरक्षण दे रही है जो गुजरात की जेलों में बंद हैं। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनके प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री, जिन्हें गुजरात से हटाया गया था, का आपराधिक रिकॉर्ड हो, तो ऐसी सरकारों से और क्या अपेक्षा की जा सकती है?