Congress Leader Ashok Arora On Aaj Samaj Manch, (आज समाज), चंडीगढ़: आईटीवी नेटवर्क द्वारा संचालित हिंदी दैनिक समाचार पत्र ‘आज समाज’ के दो दशक पूरे हो गए हैं और अखबार की 20वीं वर्षगांठ पर आज हरियाणा-पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ स्थित होटल ताज में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सुबह से चल रहे इस कार्यक्रम में राजनीति व खेल सहित कई क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियां भाग ले रही हैं।
आज समाज परिवार को दीं शुभकामनाएं
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने भी आज समाज की 20वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और इस मौके पर आज समाज परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखबार आगे भी निष्पक्ष पत्रकारिता करता रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और प्रदेश में बेरोजगारी व अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
चंडीगढ़ के स्टेटस पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग
अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में बड़े घोटाले हुए, लेकिन सरकार ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। एसवाईएल के मुद्दे पर उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पंजाब सरकार के साथ बैठक करना गलत है और अब तक पानी के अधिकारों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चंडीगढ़ के स्टेटस पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
मुख्यमंत्री विधानसभा में सवालों के जवाब नहीं देते
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि आॅल पार्टी मीटिंग में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिलने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक कोई मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी विधानसभा में सवालों के जवाब नहीं देते।
चुनावों को लेकर धांधली व वोट चोरी के आरोप लगाए
अशोक अरोड़ा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट के पद खाली पड़े हैं और खेल मैदानों की हालत भी खराब है। चुनावों को लेकर उन्होंने धांधली व वोट चोरी के आरोप लगाए। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि हरियाणा कांग्रेस में नहीं, बल्कि बीजेपी में गुटबाजी है।
ये भी पढ़ें : India News Conclave: आप नेता अनुराग ढांडा बोले, हरियाणा में आपस में मिली हैं कांग्रेस-बीजेपी


