Sonipat News: सोनीपत के सिविल अस्पताल में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली

0
85
Sonipat News: सोनीपत के सिविल अस्पताल में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली
Sonipat News: सोनीपत के सिविल अस्पताल में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली

एक युवक से डैथ सर्टिफिकेट के लिए 3800 रुपए, जन्म प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए दूसरे युवक से लिए 500 रुपए
Sonipat News (आज समाज) सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत के सिविल अस्पताल में जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर आम जनता से अवैध वसूली के दो मामले सामने आए है। यहां पर एक युवक से डैथ सर्टिफिकेट के लिए 3800 रुपए वसूले गए। वहीं एक अन्य युवक से भी जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर 500 रुपए की वसूली की गई। दोनों युवकों ने इस बारे में शिकायत अस्पताल प्रशासन को सौंपी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि वह इस मामले की जांच कराएंगे। दोषी व्यक्ति पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।

आॅनलाइन ट्रांसफर किए 3800 रुपए

जानकारी अनुसार, सुनील अपने भाई गुड्डू का मृत्यु प्रमाण-पत्र बनवाने अस्पताल आया था। उसने बताया कि गुलाब नामक व्यक्ति ने उससे 4 हजार रुपए की मांग की। इसके लिए उसने पहले 800 रुपए और फिर 3 हजार रुपए आॅनलाइन ट्रांसफर कर दिए। रिश्वत देने के बाद भी उसे गलत जानकारी वाला मृत्यु प्रमाण-पत्र थमा दिया गया।

साइट डाउन होने की बात कहकर दलाल के पास भेजा

वहीं दूसरे मामले में दीपक नामक युवक को अपने नवजात बच्चे के जन्म प्रमाण-पत्र के लिए 500 रुपए देने पड़े। उसे भी साइट डाउन होने का बहाना बताकर गुलाब नाम के व्यक्ति के पास भेजा गया। उसने रुपए लेकर मात्र 10-15 मिनट में जन्म प्रमाण-पत्र जारी कर दिया। हेल्थ विभाग के अधिकारी बता रहे हैं कि इस व्यक्ति की पहचान हो गई है। यह सीसीटीवी में दिखाई दिया है। व्यक्ति को दलाल के पास किसने भेजा था, इसकी जांच हो रही है।

प्रमाण-पत्र जल्दी दिलाने के नाम पर कर रहे अवैध कमाई

अवैध वसूली का शिकार हए दोनों युवकों ने बताया कि सोनीपत में नागरिक अस्पताल के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित कमरा नंबर-120 के बाहर उनको शिकार बनाया गया। यहां पर ही जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए जाते हैं। सुनील व दीपक का आरोप है कि अस्पताल में पहले से चल रही साइट की तकनीकी दिक्कत का फायदा उठाकर कुछ लोग प्रमाण-पत्र जल्दी दिलाने के नाम पर अवैध कमाई कर रहे हैं।

संदिग्ध युवक की हो चुकी पहचान

सोनीपत सिविल अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल आॅफिसर डॉ. संदीप लठवाल ने बताया कि प्रमाण-पत्र के नाम पर अवैध वसूली की दो अलग-अलग शिकायतें मिली हैं। इनमें से एक में रुपए आॅनलाइन ट्रांसफर करने के सबूत भी पेश किए हैं। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है और पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान हो चुकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा के 17 जिलों में बारिश की चेतावनी

यह भी पढ़ें : नवीन जयहिंद ने फेसबुक पर डाली गाड़िया बेचने की पोस्ट, बोले- कर्ज-किश्तों ने तंग कर रखा