रोहतक : ओलम्पिक खेलों में चौथे स्थान पर रहने पर अब हरियाणा के खिलाडियों को मिलेगा 50 लाख का पुरुस्कार : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
454
Chief Minister Manohar Lal
Chief Minister Manohar Lal

संजीव कुमार, रोहतक :
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की खेल नीति को लेकर कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक खेलों में अब चौथे स्थान पर रहने वाले प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी को 50-50 लाख रुपये की राशि दी जाएगी तथा खेलों के प्रत्येक प्रतिभागी खिलाड़ी को 15-15 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोहतक में सर्किट हाऊस में प्रेस वार्ता में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति में ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपए, रजत पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 4 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को अढ़ाई करोड़ रुपये की राशि देने का प्रावधान किया गया है। इस नीति में ओलम्पिक खेलों में चौथे स्थान पर रहने वाले खिलाडियों के लिए अभी तक कोई प्रावधान नहीं था। मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब चौथे स्थान पर रहने वाले प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी को 50-50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। मनोहर लाल ने कहा कि ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी को 15-15 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। टोक्यो ओलम्पिक खेलों में भाग ले रहे प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 लाख रुपये की राशि खेलों के शुरू होने से पूर्व दी जा चुकी है तथा शेष 10-10 लाख रुपये की राशि खिलाडियों के ओलम्पिक सम्पन्न होने के बाद वापिस लौटने पर दी जाएगी। राज्य सरकार द्वारा ओलम्पिक खेलों में पदक प्राप्त करने वाले एवं प्रतिभागिता करने वाले खिलाडियों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि देश की पुरुष हाकी टीम ने 41 वर्षों के बाद ओलम्पिक खेलों में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। इस टीम ने प्रदेश के दो खिलाड़ी शामिल है, जिन पर सभी को गर्व है। उन्होंने कहा कि महिला हाकी टीम ने भी बहादुरी के साथ कांस्य पदक के लिए मैच खेला। महिला हॉकी टीम ने प्रदेश की 9 खिलाड़ी है। सरकार द्वारा इन सभी 9 खिलाडि?ों को 50-50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पहलवान रवि दहिया ने ओलम्पिक खेलों में रजत पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रदेश के अन्य पहलवान बजरंग पुनिया को कांस्य पदक के लिए होने वाले मैच के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे देश के लिए कांस्य पदक जीतेंगे।
मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं को बढावा देते हुए प्रदेश को खेलों का हब बनाया जायेगा। देश की मात्र 2 प्रतिशत जनसंख्या होने के बावजूद ओलम्पिक खेलों में भाग लेने वाले देश के खिलाडियों में लगभग 25 प्रतिशत भागीदारी प्रदेश के खिलाडियों की है, जो गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि खेलों में हार-जीत का विषय महत्वपूर्ण नहीं होता, बल्कि देश के लिए जज्बे के साथ खेलना महत्वपूर्ण होता है। प्रदेश के सभी ग्रामीण स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जायेगा। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल नर्सरियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन खेल नर्सरियों मं सरकार द्वारा खिलाडियों को अच्छी डाइट, कोच की सुविधा एवं बुनियादी ढांचागत सुविधाएं दी जा रही है।
खेलों की आड़ में कांग्रेस कर रही है राजनीति :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरुस्कार के स्थान पर सरकार द्वारा शुरू किए गए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरुस्कार के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि ऐसा करने से खिलाडियों को प्रोत्साहन मिलेगा। केंद्र सरकार द्वारा विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ी के नाम पर खेल रत्न पुरुस्कार का नामकरण किया गया है। कागे्रंस पार्टी सरकार की इस निर्णय का केवल राजनैतिक विरोध कर रही है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में देखा पहलवान बजरंग पुनिया का मुकाबला :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओलम्पिक खेलों में चल रहे बजरंग पुनिया के मुकाबले का सीधा प्रसारण रोहतक के सर्किट हाऊस में देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही बजरंग पुनिया इस मुकाबले में हार गये लेकिन बड़े साहस व धैर्य के साथ कुश्ती को लड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को पूरी आशा है कि पहलवान बजरंग पुनिया कल होने वाले मुकाबले में देश के लिए कांस्य पदक जरूर जीतेंगे।
ये रहे मौजूद :
हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय बंसल, नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, मुख्यमंत्री के मीडिया को-आॅर्डिनेटर राजकुमार कपूर, भाजपा के वरिष्ठद्द नेता रमेश भाटिया, जिला मीडिया प्रभारी तरूण सन्नी शर्मा के अलावा जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार, पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्रपाल, एसडीएम रोहतक राकेश कुमार सैनी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेश कुमार, तहसीलदार जिवेंद्र मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

SHARE