पीएम मोदी से कर सकते है मुलाकात
CM Nayab Saini, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा के सीएम नायब सैनी आज दिल्ली में है। सीएम सैनी कल रात ही दिल्ली पहुंच गए थे। आज सीएम सैनी पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते है। कल पीएम मोदी हरियाणा के कुरुक्षेत्र आएंगे। इसलिए सीएम सैनी का दिल्ली दौरा अहम माना जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। देर रात सीएम सैनी दिल्ली से चंडीगढ़ लौटेंगे।
सीजेआई सूर्यकांत की डिनर पार्टी में शामिल हुए सीएम
इससे पहले कल रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी चीफ जस्टिस आॅफ इंडिया सूर्यकांत द्वारा आयोजित डिनर में अनौपचारिक रूप से शामिल हुए। आज सीएम सैनी एक बार फिर सीजेआई सूर्यकांत से मुलाकात कर सकते हैं। आज राष्ट्रपति भवन में चीफ जस्टिस आॅफ इंडिया सूर्यकांत का शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी भी शामिल हो सकते हैं। सूर्यकांत हरियाणा के हिसार जिले के पेटवाड़ गांव के रहने वाले हैं।
हिसार के पेटवाड़ में रहता है सीजेआई सूर्यकांत का परिवार
गौरतलब है कि सीजेआई सूर्यकांत का पूरा परिवार हिसार के पेटवाड़ गांव में रहता है। उनके बड़े भाई मास्टर ऋषिकांत गांव में परिवार के साथ रहते हैं, जबकि एक भाई हिसार शहर में और तीसरा भाई दिल्ली में निवास करते हैं।
हरियाणा भवन में ठहरा था परिवार
बड़े भाई मास्टर ऋषिकांत ने बताया कि पूरा परिवार एक दिन पहले ही दिल्ली रवाना हो गया था। परिवार के ठहरने की व्यवस्था हरियाणा भवन में की गई थी। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार और हरियाणा के लिए गर्व का क्षण है कि सूर्यकांत देश के सर्वोच्च न्यायिक पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: हरियाणा से सीजेआई बनने वाले पहले व्यक्ति जस्टिस सूर्यकांत आज लेंगे शपथ


