गुरदासपुर : सादा समारोह में केजरीवाल ने सेवा सिंह सेखवां को आम आदमी पार्टी में किया शामिल

0
437

गगन बावा, गुरदासपुर :
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने सीनियर साथियों, पंजाब प्रमुख भगवंत मान व विधायकों के साथ वीरवार को जत्थेदार सेवा सिंह सेवा के घर पहुंचे। इस मौके पर जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां, उनके बेटे एडवोकेट जगरूप सिंह सेखवां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल को सिरोपा डालकर सम्मानित किया। इस मौके पर सेखवां ने कहा कि केजरीवाल एक महान व्यक्ति हैं। वह उनके साथ कोई निजी या राजनीतिक सांझ न होने के बावजूद भी उनके घर उनकी सेहत के बारे में पता करने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें दुख इस बात का है कि उनके साथी रहे अकाली नेताओं और अकाली मंत्रियों ने उनकी कभी खबर तो क्या लेनी थी, कभी फोन पर उनका हाल तक नहीं पूछा। उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन का बाकी समय और उनका परिवार केजरीवाल व आम आदमी पार्टी के साथ चलेगा। इसके बाद केजरीवाल ने बकायदा तौर पर जत्थेदार सेवा सिंह सेखवां को आम आदमी पार्टी में शामिल करते कहा कि वह एक बुजुर्ग राजनीतिज्ञ हैं। उनसे आम आदमी पार्टी के नेता और वह खुद सीखने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि वह पंजाब में दिल्ली की तरह ही तरक्की चाहते हैं और दिल्ली के लोगों को मिलने वाली सुविधाएं पंजाब के लोगों को भी देना चाहते हैं। इस दौरान जब पत्रकारों ने उनसे पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री के चेहरे के बारे में प्रश्न पूछा तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी नहीं की। वह एकदम से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी को फतेह बुला कर वापस लौट गए। उधर केजरीवाल के सेखवां पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने गांव को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया था। इस मौके पर सांसद भगवंत मान, विरोधी दल के नेता हरपाल सिंह चीमा, पंजाब मामलों के इंचार्ज जरनैल सिंह, विधायक बलजिंदर कौर, विधायक जयसिंह, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता राघव चड्ढा, पूर्व आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह, जिला गुरदासपुर के प्रधान कश्मीर सिंह वाहला, पूर्व उप चेयरमैन कुलवंत सिंह मोती भाटिया, पूर्व सर्किल प्रधान सोहन सिंह, रणबीर सिंह राणा, शैरी कलसी, बघेल सिंह बाहिया, सूबेदार कुलवंत सिंह, ठाकुर तरसेम सिंह आदि मौजूद थे।

SHARE