Gold Price Update : सोने और चांदी की कीमतों में तेजी जारी, चांदी ने नया रिकॉर्ड कायम किया

0
70
Gold Price Update : सोने और चांदी की कीमतों में तेजी जारी, चांदी ने नया रिकॉर्ड कायम किया
Gold Price Update : सोने और चांदी की कीमतों में तेजी जारी, चांदी ने नया रिकॉर्ड कायम किया

चांदी 1900 रुपए की तेजी के साथ 1,41,900 रुपए प्रति किलो पहुंची

Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों बहुमूल्य धातुओं के दाम लगातार नई ऊंचाई छू रहे हैं। जानकारों का कहना है कि भारत में त्योहारी व शादियों का सीजन होने के कारण इनकी मांग लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि इनके दाम में लगातार तेजी दर्ज की जा रही है। शुक्रवार का दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना अपने पिछले स्तर से 330 रुपए महंगा होकर 1,17,700 रुपए प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 1900 रुपए तेज होकर 1,41,900 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिकी।

यह चांदी का अभी तक का उच्चतम स्तर है। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 330 रुपये बढ़कर 1,17,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गया। जबकि 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 400 रुपए बढ़कर 1,17,100 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। हालांकि, वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में गिरावट दर्ज की गई। हाजिर सोना 0.12 प्रतिशत गिरकर 3,744.75 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 0.35 प्रतिशत गिरकर 45.03 डॉलर प्रति औंस रह गई।

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट

पिछले एक सप्ताह से भारतीय शेयर बाजार में लगातार बिकवाली दर्ज की जा रही है। इस बिकवाली और गिरावट के पीछे अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए जा रहे प्रतिबंध मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। शेयर बाजार में गिरावट का असर भारत के विदेश मुद्रा भंडार पर भी पड़ा है। यह पिछले तीन सप्ताह लगातार बढ़ने के बाद 19 सिंतबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 39.6 करोड़ डॉलर घटकर 702.57 अरब डॉलर रह गया। इसके साथ ही नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार का एक प्रमुख घटक, विदेशी मुद्रा आस्तियां 86.4 करोड़ डॉलर घटकर 586.15 अरब डॉलर हो गईं। विदेशी मुद्रा आस्तियों में डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का भी असर शामिल होता है। दूसरी तरफ भारत का स्वर्ण भंडार 36 करोड़ डॉलर बढ़कर 92.779 अरब डॉलर हो गया।

लगातार छठे दिन गिरा भारतीय शेयर बाजार

भारतीय शेयर बाजार में पिछले शुक्रवार को शुरू हुआ गिरावट का सिलसिला इस शुक्रवार तक जारी रहा। अमेरिकी राष्टÑपति ने जहां पिछले सप्ताह एच1 बी वीजा संबंधी नई पॉलिसी जारी की थी वहीं इस शुक्रवार को डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय दवाओं पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी। ट्रंप की घोषणा के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही कुछ अन्य भारतीय निर्यात पर भी नई टैरिफ की घोषणा का शेयर बाजार पर नकारात्मक असर हुआ।