Delhi Breaking News : दिल्ली के कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा

0
106
Delhi Breaking News : दिल्ली के कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा
Delhi Breaking News : दिल्ली के कई हिस्सों में बाढ़ का खतरा

हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से छोड़ा जा रहा यमुना में पानी, खतरे के निशान के नजदीक यमुना

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : हिमाचल में लगातार चल रही बारिश का असर दिल्ली तक दिखाई देने लगा है। दरअसल पिछले कई दिन से हिमाचल में हो रही बारिश के कारण हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से यमुना नदी में पानी छोड़ने की नौबत आ गई। हरियाणा द्वारा मंगलवार व बुधवार को दो बार यमुना नदी में पानी छोड़ा गया। जिससे दिल्ली में यमुना का जलस्तर बुधवार को खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

हरियाणा से इतना पानी छोड़ा गया

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक, हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार को 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था जो बुधवार को दिल्ली पहुंचा। इसके बाद बुधवार शाम को 50 हजार क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है जो आज दिल्ली तक पहुंचेगा। इससे यमुना का जलस्तर बढ़ सकता है। बुधवार शाम 4 बजे यमुना का जलस्तर 204.13 मीटर पर था जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा नीचे है। हालांकि, शाम 7 बजे से जलस्तर कम होने लगा लेकिन पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के कारण सतर्कता बरती जा रही है।

इन क्षेत्रों में भर सकता है यमुना का पानी

अगर जलस्तर खतरे के निशान को पार करता है तो हाथी घाट, एमनेस्टी मार्केट, मजनूं का टीला, यमुना विहार, सोनिया विहार और यमुना खादर जैसे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है। यदि एक लाख क्यूसेक या इससे अधिक पानी छोड़ा जाता है तो चेतावनी जारी की जाएगी। तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर निचले इलाकों में बोट तैनात होंगी और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा।

दिल्ली में बुधवार को हुई जोरदार बारिश

वहीं मानसून की सबसे बड़ी बारिश गत दिवस बुधवार को दिल्ली में हुई। सुबह से शुरू हुई बारिश का सिलसिला रुक-रुककर दिनभर चला। जिससे एक तरफ जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं जलभराव से उनकी परेशानी भी बढ़ गई। वाहनों को पानी से भरी सड़कों पर रेंगते हुए देखा गया। इसके साथ ही घंटों लोग जाम से जूझते दिखाई दिए।